बाड़मेर बाड़मेर शहर के पास कुशल वाटिका परिसर स्थित राजहंस मंदिर में शनिवार को विशेष धार्मिक मेला आयोजित हुआ। श्रद्धालुओं ने मुनिसुव्रत स्वामी मंदिर, दादावाड़ी, नवग्रह मंदिर, गुरु मंदिर और अन्य देवी-देवताओं के मंदिरों में दर्शन किए और पूजा-अर्चना की। कुशल वाटिका ट्रस्ट के मंत्री संपतराज बोथरा व कोषाध्यक्ष बाबूलाल टी बोथरा के अनुसार सुबह 7.30 बजे से श्रद्धालुओं का आना शुरू हो गया। दिनभर परिसर में मेले जैसा माहौल रहा। कार्यक्रम के तहत पक्षाल, केशर पूजा और आरती कराई गई। मुनिसुव्रत स्वामी के जयकारे भी लगाए गए। सुबह 8.30 बजे गिरनार भक्त मंडल ने घंटनाद, शंखनाद और ढोल की थाप के साथ पक्षाल कराया। विधि-विधान के अनुसार श्लोक पाठ हुआ। इसके बाद केशर पूजा और आरती कराई गई। ट्रस्ट की ओर से श्रद्धालुओं को प्रभावना भी दी।