झुंझुनूं में पैसे के विवाद में पति ने पत्नी की पीट-पीटकर हत्या कर दी। मर्डर के बाद शव के हाथ बांध दिए और पैर तोड़कर बक्से में डाल दिया। चार दिन तक बेटे को गुमराह करता रहा। मामला सूरजगढ़ इलाके के अगवाना खुर्द गांव का है। थानाधिकारी रामसिंह यादव ने बताया- कृष्ण कुमार जाट (40) का पत्नी सिलोचना (34) से शनिवार को शराब के लिए रुपए मांगने को लेकर विवाद हुआ था। पत्नी ने पैसे देने से इनकार कर दिया। इसके बाद आरोपी ने पत्नी की पीट-पीटकर हत्या कर दी। सबूत मिटाने के लिए महिला के शव के दोनों हाथ बांध दिए और पैर तोड़कर बक्से में डाल दिया। बेटे को तीन दिन तक बहानों से टालता रहा आरोपी घटना के समय दंपती का बेटा (16) घर पर मौजूद नहीं था। जब वह आया तो पिता ने बताया कि मां कहीं गई हुई है। इसके बाद बेटा लगातार तीन दिन तक मां के बारे में पूछता रहा, लेकिन आरोपी हर बार अलग-अलग बहाने बनाकर उसे टालता रहा। गांव के एक व्यक्ति को बात बताई तो पूरा मामला खुला वारदात के चौथे दिन मंगलवार सुबह जब बक्से से ज्यादा बदबू आने लगी, तो आरोपी ने खुद गांव के एक व्यक्ति को पूरी घटना बताई। इसी व्यक्ति ने पुलिस को घटना की जानकारी दी, जिसके तुरंत बाद थानाधिकारी रामसिंह यादव मौके पर पहुंचे और बक्से को खुलवाकर शव बरामद किया। बक्से में बंधे मिले महिला के दोनों हाथ बक्से को खोलने पर पता चला कि महिला की नृशंस तरीके से हत्या की गई थी। महिला के हाथ बंधे हुए थे और उसके पैर तोड़कर बक्से में ठूंसे गए थे। शव चार दिन पुराना होने के कारण सड़ चुका था, जिससे बदबू आ रही थी। 2009 में हुई थी दोनों की शादी सूरजगढ़ थानाधिकारी रामसिंह यादव ने बताया कि पति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। उसने हत्या करना स्वीकार कर लिया है, लेकिन हत्या किस तरीके से और किस हथियार से की गई, इसका खुलासा अभी नहीं हो सका है। पोस्टमॉर्टम और एफएसएल रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों की पुष्टि हो सकेगी। दोनों की शादी साल 2009 में हुई थी।