डीग जिले के बेला गांव निवासी एक जेसीबी ऑपरेटर की हैदराबाद में कार्यस्थल पर हुए हादसे में मौत हो गई। मृतक की पहचान शाकिर (पुत्र जुम्मा) के रूप में हुई है। शाकिर हैदराबाद में जेसीबी ऑपरेटर के रूप में काम कर अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहे थे। यह हादसा हैदराबाद में एक पुरानी इमारत (मॉल) को ढहाने के दौरान हुआ। शाकिर अपनी जेसीबी मशीन से इमारत तोड़ने का काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक इमारत का एक बड़ा हिस्सा जेसीबी मशीन पर गिर गया। हादसे में शाकिर मलबे के नीचे बुरी तरह दब गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय प्रशासन और राहत कर्मियों ने तुरंत पहुंचकर मलबे को हटाने का कार्य शुरू किया। 4 बच्चों के सिर से उठा पिता का साया कई घंटों की मशक्कत के बाद शाकिर को मलबे से बाहर निकाला गया और अस्पताल पहुंचाया गया। जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। शाकिर की मौत की खबर उनके पैतृक गांव बेला पहुंचते ही पूरे गांव में शोक छा गया। मृतक के 4 छोटे बच्चे हैं। शाकिर के शव को गांव लाने के लिए बेला गांव के कुछ लोग हैदराबाद के लिए रवाना हो गए हैं। शव को गांव लाए जाने के बाद मुस्लिम रीति-रिवाजों के अनुसार सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा। ग्रामीणों ने सरकार और संबंधित विभाग से पीड़ित परिवार की आर्थिक स्थिति को देखते हुए उचित मुआवजे की मांग की है।