हैदराबाद से हुबली जा रही Fly-91 एयरलाइन की एक फ्लाइट रविवार को खराब मौसम के चलते 2 घंटे हवा में ही चक्कर काटती रही। खराब मौसम की वजह से प्लेन में सवार पैसेंजर्स को तेज झटके महसूस हुए, जिससे वे घबरा गए। सोशल मीडिया में वायरल VIDEO में पैसेंजर रोते हुए और हाथ जोड़कर प्रार्थना करते दिख रहे हैं। जानकारी के मुताबिक लो कास्ट एयरलाइन Fly-91 की फ्लाइट रविवार दोपहर 3 बजे हैदराबाद से रवाना हुई थी। इसे शाम करीब 4:30 बजे हुबली पहुंचना था, लेकिन वहां खराब मौसम के कारण यह लैंड नहीं हो पाई। आखिरकार इसे बेंगलुरु डाइवर्ट किया गया, जहां 6:30 बजे फ्लाइट लैंड हुई। फ्लाइट के अंदर की 2 तस्वीरें… VIDEO में चिल्लाते और रोते दिखे यात्री वीडियो में यात्री सीटों पर बैठे घबराए नजर आ रहे हैं। कई लोग चिल्लाते और रोते हुए दिख रहे हैं। वीडियो में ‘ओह माईगॉड’ जैसी आवाजें सुनाई देती हैं। एक यात्री कहते सुनाई देता है कि पायलट से कहो बेंगलुरु ले चलें… या बेलगाम ही ले चलो। वहीं दूसरे लोग एक-दूसरे को दिलासा देते हुए कहते हैं- रो मत, कुछ नहीं होगा। पायलट को यात्रियों से कहते सुना गया कि हम होल्ड पर हैं, कृपया धैर्य रखें और निर्देशों का पालन करें। एयरलाइन ने कहा- कोई तकनीकी खराबी नहीं Fly 91 एयरलाइन ने बताया कि फ्लाइट में कोई तकनीकी खराबी नहीं थी। डायवर्जन केवल खराब मौसम की वजह से किया गया। एयरलाइन के मुताबिक, हुबली के ऊपर विमान को होल्ड करना और बाद में बेंगलुरु भेजना तय सुरक्षा प्रक्रिया का हिस्सा है। कंपनी ने कहा कि तकनीकी खराबी की खबरें गलत और बेबुनियाद हैं। सुरक्षा के साथ कोई समझौता नहीं किया गया। अधिकारियों ने बताया कि खराब मौसम के कारण मुंबई से कोल्हापुर जाने वाली एक अन्य फ्लाइट को भी गोवा डायवर्ट करना पड़ा। ---------------- ये खबर भी पढ़ें… दिल्ली-लंदन एअर इंडिया फ्लाइट सऊदी से लौटी:खराबी के बावजूद 7 घंटे हवा में रही दिल्ली से लंदन जा रहा एअर इंडिया का A350-900 (VT-JRF) विमान तकनीकी खराबी के कारण दिल्ली लौट आया था। यह करीब सात घंटे हवा में रहा। फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट के अनुसार विमान ने सुबह करीब 6 बजे दिल्ली से उड़ान भरी थी। पूरी खबर पढ़ें…