राज्य सरकार ने देर रात बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 65 आईएएस अधिकारियों के तबादले किए हैं। दौसा जिले में वर्तमान कलेक्टर देवेन्द्र कुमार का तबादला कर उन्हें नागौर जिले का कलेक्टर नियुक्त किया गया है, जबकि उनकी जगह डॉ. सौम्या झा को दौसा का नया जिला कलेक्टर बनाया गया है। डॉ. सौम्या झा इससे पहले चिकित्सा विभाग में निदेशक पद पर कार्यरत थीं और प्रशासनिक अनुभव के साथ स्वास्थ्य क्षेत्र की भी गहरी समझ रखती हैं। वे पहले टोंक जिले की कलेक्टर रह चुकी हैं, जहां उनके कार्यकाल को प्रभावी माना गया था। दौसा में उनकी नियुक्ति से प्रशासनिक कार्यों में नई गति आने की उम्मीद जताई जा रही है। 2017 बैच की आईएएस, 58वीं रैंक से बनी अधिकारी डॉ. सौम्या झा मूल रूप से मध्यप्रदेश की रहने वाली हैं। उन्होंने वर्ष 2017 में यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा में 58वीं रैंक हासिल कर आईएएस बनीं। शुरुआत में उन्हें हिमाचल प्रदेश कैडर मिला था, लेकिन राजस्थान कैडर के आईएएस अक्षय गोदारा से विवाह के बाद उन्होंने अपना कैडर बदलवाकर राजस्थान करवा लिया। राजस्थान में कई अहम पदों पर दी सेवाएं कैडर परिवर्तन के बाद डॉ. झा ने जयपुर जिला परिषद में सीईओ के रूप में कार्य किया। इसके अलावा गिर्वा और उदयपुर में एसडीएम के रूप में भी सेवाएं दीं। टोंक जिला परिषद सीईओ रहने के बाद उन्होंने 9 जनवरी 2024 को पहली बार टोंक जिले के कलेक्टर (डीएम) के रूप में कार्यभार संभाला था, जहां उन्होंने प्रशासनिक स्तर पर कई महत्वपूर्ण कार्य किए। देवेन्द्र कुमार का नागौर तबादला, दौसा में रहा प्रभावी कार्यकाल आईएएस देवेन्द्र कुमार यादव करीब 26 माह तक दौसा के कलेक्टर रहे। उन्होंने 8 जनवरी 2024 को बतौर कलेक्टर कार्यभार संभाला था। उनके कार्यकाल में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का दौरा, लोकसभा चुनाव सहित कई बड़े आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुए।