पाली के सदर थाना परिसर में सोमवार को हुई सीएलजी मीटिंग में पुलिस और आमजन से जुड़े कई मुद्दे उठे। समाजसेवी कैलाश टवाणी ने थानों में आम लोगों के साथ व्यवहार पर सवाल उठाए, जिस पर आईजी सतेन्द्र सिंह ने एसपी मोनिका सैन को सभी थानों के स्वागत कक्ष में तैनात पुलिसकर्मियों की ट्रेनिंग कराने के निर्देश दिए। मीटिंग में एफआईआर, नशा, ट्रैफिक, चोरी, पेपर लीक और सीएलजी व्यवस्था समेत कई मुद्दों पर चर्चा हुई। आमजन के साथ व्यवहार सुधारने के दिए निर्देश समाजसेवी कैलाश टवाणी ने कहा कि जिन लोगों की थाने में पहचान नहीं होती, उन्हें थाने की सीढ़ियां चढ़ने से भी डर लगता है। उन्होंने कहा कि कई बार थानाप्रभारी के नीचे के स्तर के पुलिसकर्मियों का आमजन के साथ व्यवहार संतोषजनक नहीं रहता, जिससे लोग थाने जाने से भी डरते हैं। इस पर आईजी सतेन्द्र सिंह ने तुरंत एसपी मोनिका सैन से कहा कि सभी थानों के स्वागत कक्ष में बैठने वाले पुलिसकर्मियों की ट्रेनिंग करवाई जाए, ताकि वे आमजन से सही तरीके से व्यवहार करना सीख सकें। आईजी ने मौजूद लोगों के सवालों के जवाब भी दिए। मीटिंग में उठे यह भी मुद्दें… जांच के नाम रिपोर्ट लेकर रख देती है पुलिस, दर्ज नहीं करती एडवोकेट मोहम्मद शाबिर ने कहा कि अक्सर देखा जाता है कि परिवादी शिकायत लेकर थाने पहुंचता है तो उसकी FIR दर्ज नहीं कि जाती और जांच के बाद परिवाद में रख दी जाती है। ऐसे में परिवादी कोर्ट की शरण लेनी पड़ती है। इसमें सुधार होना चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग एक ऐसा विभाग है जो वीक के सातों दिन खुला रहता है। बिना वीकली ऑफ लिए पुलिसकर्मी काम करते हैं। मानसून कमजोर चोरियां बढ़ेगी, थानों में संसाधन, पुलिसकर्मी बढ़ाएं हेमावास गांव के त्रिभुवनसिंह कुम्पावत ने कहा कि इस साल मानसून कमजोर रहेगा। बरसात नहीं होने से खेती कम होगी। इससे चोरी जैसी घटनाएं बैठेगी। लेकिन थानों में पर्याप्त संसाधन नहीं है। इसलिए थानों में गाड़ियों की संख्या और पुलिसकर्मी बढ़ाएं जाने चाहिए ताकि क्राइम कंट्रोल करने में संबंधित थाना पुलिस को ज्यादा परेशानी न हो। पेपर लीक से स्टूडेंट्स का नुकसान होने की बात कही राहुल राजपुरोहित ने कहा कि कुछ अधिकारियों की मिलीभगत और लापरवाही के कारण पेपर लीक जैसी घटनाएं होती हैं, जिससे हजारों स्टूडेंट्स का साल खराब हो जाता है। उन्होंने कहा कि कई स्टूडेंट्स मानसिक दबाव में आ जाते हैं और कुछ सुसाइड तक करने के लिए मजबूर हो जाते हैं। उन्होंने इसमें सुधार की मांग की। नशे के खिलाफ कार्रवाई की मांग कांग्रेस नेता भेराराम गुर्जर ने कहा कि युवा पीढ़ी तेजी से नशे की गिरफ्त में आ रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि स्मैक, गांजा और एमडी जैसे नशीले पदार्थ ढाबों और कुछ जनरल स्टोर पर चोरी-छिपे बेचे जा रहे हैं। उन्होंने ऐसे लोगों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की मांग की। धन्नाराम लौहार ने भी कहा कि स्कूलों के आसपास नशीले पदार्थों की बिक्री पर रोक लगनी चाहिए और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। भैरूघाट से पानी दरवाजा क्षेत्र में लगता है कई बार जाम बस्तीराम देवड़ा ने कहा कि शहर के भैरूघाट से पानी दरवाजा तक संकरा मार्ग है। ऐसे में यहां दिन में कई बार जाम जैसी स्थिति बनी रहती है। लोगों को आने-जाने में दिक्कत का सामना करना पड़ता है। समस्या सालों पुरानी है लेकिन समाधान अभी तक नहीं हो सका। मनोहर सीरवी ने सुझाव देते हुए कहा कि पंचायत स्तर पर सीएलजी मीटिंग होनी चाहिए। ताकि पुलिस का दायरा आमजन तक बढ़ेगा और आमजन और पुलिसकर्मियों आपसी समन्वय अच्छा होगा। पुलिस अधिकारियों का किया सम्मान मीटिंग से पहले शहर के प्रबुद्धजनों ने आईजी सतेन्द्र सिंह, एसपी मोनिका सैन सहित अन्य पुलिस अधिकारियों का माला और साफा पहनाकर सम्मान किया। इस दौरान सीओ सिटी मंगलेश चुंडावत, सीओ ग्रामीण अमर सिंह रत्नू, सदर थानाप्रभारी कपुराराम, गुड़ा एंदला थानाप्रभारी दर्शन सिंह, जेतपुर थानाप्रभारी अरुण कुमार सहित ग्रामीण सर्किल के कई थानाप्रभारी मौजूद रहे।