टोंक जिले की स्पेशल टीम ने अवैध हथियारों एवं अन्य अवैध सामग्री के साथ पांच हजार रुपए के इनामी बदमाश को गिरफ्तार किया है। टीम ने उसके एक साथी को भी पकड़ा है। हथियारों की संख्या देख पुलिस भी हैरान टोंक सदर थाना क्षेत्र के चंदलाई निवासी ईनामी बदमाश किशन मोग्या (28) के खिलाफ पहले से ही आर्म्स एक्ट, गौवंश हत्या के 8 मामले दर्ज हैं। इसके अलावा उसके साथी मेहंदवास थाना क्षेत्र के अल्लाहपुरा निवासी साहिल उर्फ तौहिद (20) के खिलाफ भी एक मुकद्दमा दर्ज है। बदमाशों के कब्जे से अवैध हथियारों का जखीरा और भारी मात्रा में कारतूस मिले हैं। पुलिस ने उनके पास से एक 12 बोर की देशी पिस्टल, 12 बोर की बन्दूक, 2 टोपीदार बन्दूक समेत 12 बोर के 14 जिंदा कारतूस, 12 बोर के 28 खाली कारतूस, 294 जिन्दा बुलेट्स, 9 डिब्बी छर्रे, दो पेंचकसनुमा लोहे के औजार, एक ब्लैक थार गाड़ी और चार मोबाईल जब्त किए है। इतने हथियार देखकर टीम भी हैरान हो गई। खून से सने 3 बड़े चाकू और कुल्हाड़ा भी मिला आरोपियों के पास से खून से सने हुए तीन बडे़ चाकू और एक कुल्हाड़ा भी मिला है। खून से सने हथियारों के बारे में पूछने पर बदमाशों ने आवारा पशुओं का शिकार करना बताया है। हालांकि पुलिस इस बारे में भी बारीकी से जांच कर रही है। पुलिस को देख गाड़ी छोड़ भागने लगा मुखबिर की सूचना पर डीएसटी टीम और पुलिस थाना सदर टोंक की टीम ने चन्दलाई से बम्बोर रोड पर आ रही थार गाड़ी को रूकवाया। मोग्या गाड़ी चला रहा था और उसका साथी साहिल भी कार में बैठा हुआ था। दोनों थार गाडी में अवैध हथियार लेकर अज्ञात स्थान पर जा रहे थे। पुलिस को देख किशन भागने लगा। जिसे पुलिस ने पीछा कर पकड़ लिया। आरोपी की गाड़ी और उसके साथी की तलाशी ली गई तो भारी मात्रा में अवैध हथियारों का जखीरा व कारतूस बरामद हुए। जमानत पर आने के बाद से ही पुलिस इसकी गतिविधियों पर नजर रखे हुए थी। आरोपियों के खिलाफ सदर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। यह कार्रवाई एसपी राजेश कुमार मीना के आदेश पर ASP रतन लाल भार्गव, टोंक डीएसपी मृत्युजंय मिश्रा के सुपरविजन में डीएसटी प्रभारी ओम प्रकाश चौधरी और टोंक सदर थानाधिकारी जयमल सिह के नेतृत्व में गठित टीम ने शुक्रवार रात की।