झुंझुनूं आबकारी विभाग ने 35 लाख रुपए कीमत की जब्त शराब की 550 पेटियों को नष्ट किया गया। हरियाणा ब्रांड के अलावा कई प्रीमियम ब्रांड्स भी शामिल रहे। जिला आबकारी अधिकारी रियाजुद्दीन सिद्दीकी ने बताया- आबकारी थाना झुंझुनूं के सीआईओ ताराचंद जाखड़ और उनकी टीम ने विभिन्न छापों के दौरान भारी मात्रा में हरियाणा निर्मित अवैध शराब जब्त की थी। नष्ट की गई खेप में ‘मैकडॉवेल्स’ और ‘रॉयल चैलेंज’ जैसे प्रीमियम ब्रांड्स भी शामिल थे। यह शराब गैरकानूनी रूप से तस्करी की जा रही थी और लंबे समय तक गोदामों में रखे रहने के कारण उपभोग के लिए असुरक्षित और जहरीली हो चुकी थी। 500 से ज्यादा मुकदमे दर्ज, सख्त निगरानी जारी झुंझुनूं जिले में अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ लगातार सख्ती की जा रही है। जिले के 5 आबकारी थानों और 3 सर्किलों ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए अब तक 500 से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज किए हैं। विभाग की नजर केवल तस्करों पर ही नहीं, बल्कि नियमों का उल्लंघन करने वाले लाइसेंसधारियों पर भी है। अब तक 100 से अधिक ठेकेदारों के खिलाफ मामले दर्ज कर भारी जुर्माना वसूला गया है। अधिकारियों की चेतावनी - तस्करी की रीढ़ तोड़ेंगे जिला आबकारी अधिकारी रियाजुद्दीन सिद्दीकी ने कहा कि अवैध शराब के कारोबार में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। इंटेलिजेंस नेटवर्क और गश्त बढ़ा दी गई है, साथ ही बॉर्डर इलाकों में विशेष चेकिंग अभियान चलाकर तस्करी की रीढ़ तोड़ी जाएगी।