हनुमानगढ़ में इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) ने डॉ. सोनदेव बंसल की गिरफ्तारी के विरोध में मुख्यमंत्री के नाम जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। आईएमए ने इस कार्रवाई को चिकित्सकों की गरिमा और स्वतंत्रता के विरुद्ध बताते हुए राज्यव्यापी हड़ताल की घोषणा की है। आईएमए अध्यक्ष डॉ. सुखवीर सिंह गेट ने बताया कि जयपुर के एक निजी अस्पताल के निदेशक डॉ. सोनदेव बंसल की हालिया गिरफ्तारी से चिकित्सा समुदाय में भारी आक्रोश है। एसोसिएशन का कहना है कि मेडिकल बोर्ड द्वारा किसी चिकित्सकीय लापरवाही की पुष्टि नहीं हुई है, फिर भी आरजीएचएस से संबंधित कथित अनियमितताओं के आधार पर की गई आपराधिक कार्रवाई चिंताजनक है। सर्वसम्मति से लिया राज्यव्यापी आंदोलन का निर्णय आईएमए ने इस कार्रवाई को चिकित्सकीय पेशे की गरिमा के विपरीत बताया है। उनका मानना है कि इससे डॉक्टरों के निष्पक्ष कार्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। इस मुद्दे पर आईएमए राजस्थान की कार्यसमिति की आपात बैठक में सर्वसम्मति से राज्यव्यापी आंदोलन का निर्णय लिया गया। इस निर्णय के तहत 14 अप्रैल सुबह 8 बजे से 15 अप्रैल सुबह 8 बजे तक राज्य के सभी निजी चिकित्सा संस्थानों में सेवाएं पूरी तरह स्थगित रहेंगी। आईएमए के मुताबिक इसमें आपातकालीन सेवाएं भी शामिल हैं। इसके अलावा आरजीएचएस योजना से संबंधित समस्याओं, जैसे भुगतान में देरी और जटिल प्रक्रियाओं के विरोध में आरजीएचएस सेवाओं को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित करने का भी निर्णय लिया गया है। मांगें नहीं मानने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी आईएमए ने राज्य सरकार से डॉ. बंसल की तत्काल रिहाई सुनिश्चित करने की मांग की है। साथ ही, आरजीएचएस से जुड़ी समस्याओं का समाधान चिकित्सक प्रतिनिधियों के साथ समन्वय स्थापित कर करने और लंबित भुगतानों का शीघ्र निस्तारण करने की भी मांग रखी गई है। प्रतिनिधिमंडल में शामिल डॉक्टरों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई, तो वे और अधिक कठोर कदम उठाने को बाध्य होंगे। इस अवसर पर सचिव डॉ. अर्जुन राठौड़, डॉ. पारस जैन, डॉ. ब्रजेश गौड़, डॉ. राजीव मुंजाल और डॉ. एमएस मांकड़ सहित अन्य चिकित्सक मौजूद रहे।