भास्कर संवाददाता | चूरू अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की जिला स्तरीय संगठनात्मक बैठक मंगलवार को नगरपरिषद के सामने स्थित शिक्षक भवन में हुई। जिलाध्यक्ष सुनीता कपूरिया की अध्यक्षता में हुई बैठक में जिला प्रभारी टीना शर्मा भी उपस्थित रही। बैठक में जिले के सभी ब्लॉक अध्यक्षों, जिला पदाधिकारियों व महिला कांग्रेस सक्रिय कार्यकर्ताओं को पार्टी की विभिन्न गतिविधियों में पूरी निष्ठा व सक्रियता से भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया गया। इस दौरान संगठन को बूथ स्तर तक सशक्त बनाने, सदस्यता अभियान को गति देने, रिक्त पदों की पूर्ति तथा प्रत्येक ब्लॉक में संगठनात्मक गतिविधियों को नियमित रूप से संचालित करने को लेकर चर्चा की गई। साथ ही अधिकाधिक महिलाओं को संगठन से जोड़कर महिला नेतृत्व को मजबूत करने का निर्णय लिया गया। इसके अलावा 21 जुलाई से शुरू हो रहे संसद के मानसून सत्र के दौरान अखिल भारतीय महिला कांग्रेस के नेतृत्व में होने वाले संसद चलो अभियान की तैयारियों की समीक्षा की गई। अभियान में जिले से अधिकाधिक महिला कार्यकर्ताओं की दिल्ली में भागीदारी सुनिश्चित करने, जिला स्तर पर समन्वय समिति गठित करने तथा कार्यक्रम को सफल बनाने का सामूहिक संकल्प लिया गया। बैठक में चूरू शहर ब्लॉक अध्यक्ष शर्मिला भाकर, देहात ब्लॉक अध्यक्ष बालकेश बानो, पुष्पा सिंघल, राजकुमारी, सरोज कंवर, उकेला बानो, जिला उपाध्यक्ष सुनीता जांगिड़, अंजू चौधरी, सीमा, सरोज चौधरी, सकीला बानो, पूनम बरोड़ सहित अन्य पदाधिकारी व महिला कार्यकर्ता मौजूद रहीं।