धरसोनी गांव के जंगल में मंगलवार शाम तेज आंधी के दौरान खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई। उसके नीचे दबकर एक युवक की मौत हो गई। एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में चार अन्य लोगों को मामूली चोटें आईं। घटना शाम करीब 5 बजे की बताई गई। जानकारी के अनुसार धरसोनी निवासी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली मालिक खेतों से सरसों की तूड़ी खरीदता है। वह इसे ईंट भट्टों पर बेचता है। तूड़ी भरने के लिए उसने चार श्रमिक लगा रखे थे। मंगलवार शाम श्रमिक गांव के जंगल क्षेत्र में ट्रॉली में तूड़ी भर रहे थे। इसी दौरान अचानक तेज आंधी चली। ओलावृष्टि भी शुरू हो गई। आंधी और ओलों से बचने के लिए धरसोनी निवासी 24 वर्षीय अजीत पुत्र जलसिंह जाटव, भूरा जाटव, चार श्रमिक, दो किसान ट्रॉली के सहारे बैठ गए। तभी तेज हवा से ट्रॉली असंतुलित हुई। ट्रॉली पलट गई। सभी छह लोग उसके नीचे दब गए। इस दौरान अजीत जाटव की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। वहीं घायल भूरा जाटव को जिला अस्पताल रेफर किया गया। घटना से नाराज परिजन शव लेकर थाने पहुंच गए। बाद में थानाधिकारी बिजेंद्र सिंह की समझाइश के बाद शव को सीएचसी की मोर्चरी में रखवाया गया। पुलिस ने मामला दर्ज किया। जांच शुरू कर दी गई है।