भास्कर संवाददाता|टोंक राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम छोर तक पहुंचाने के उद्देश्य से शुरू हुए ग्राम रथ शनिवार को अरनिया माल, ताखोली, सांखना, भरनी गांवों में पहुंचे। जहां सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों को दी। इस मौके पर मेहंदवास मंडल अध्यक्ष नंदलाल छान ने कहा कि ग्राम रथ अभियान सरकार की योजनाओं को सीधे आमजन तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना प्राथमिकता है। लक्ष्य को हासिल करने के लिए प्रशासन एवं जनप्रतिनिधि समन्वय के साथ कार्य कर रहे हैं। उन्होंने ग्रामीणों से कहा कि वे अभियान का अधिकतम लाभ उठाएं और अपनी समस्याएं खुलकर रखें, ताकि उनका त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा सके। अभियान में कृषि, पशुपालन, सिंचाई, ऊर्जा, पंचायती राज, ग्रामीण विकास, महिला एवं बाल विकास, स्वास्थ्य, शिक्षा सहित 13 विभागों की योजनाएं शामिल हैं। रथ में एक सुझाव पेटिका भी रखी गई है। इस मौके पर पूर्व मंडल अध्यक्ष किशन गोपाल चौधरी, महेंद्र सिंह, बूथ अध्यक्ष प्रभुलाल मीणा, कालू गुर्जर, लाल सिंह, रामावतार यादव, छीतर चौधरी आदि मौजूद रहे।