बिलाड़ा|तालुका विधिक सेवा समिति के अध्यक्ष एवं अपर सेशन न्यायाधीश रामदेव सान्दू ने गुरुवार को बिलाड़ा के पिचियाक स्थित उपकारागृह का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उपकारागृह में 124 विचाराधीन बंदी निरुद्ध मिले। न्यायाधीश ने बैरक, भोजनशाला और जेल परिसर का निरीक्षण कर साफ-सफाई व्यवस्था का जायजा लिया, जो संतोषजनक पाई गई। निरीक्षण के दौरान न्यायाधीश ने बंदियों से संवाद कर उन्हें उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने पुस्तकों, भोजन, पेयजल और उपचार की व्यवस्थाओं के बारे में पूछा तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही बंदियों से उनके प्रकरणों के संबंध में जानकारी ली। पूछताछ में सभी बंदियों ने अपने-अपने अधिवक्ता नियुक्त होना बताया। इस दौरान उपकारापाल विनोद कुमार ने उपकारागृह में उपलब्ध व्यवस्थाओं की जानकारी दी।