भास्कर संवाददाता | झुंझुनूं प्रभारी सचिव नवीन जैन मंगलवार को जिले के दौरे पर रहे। उन्होंने उदयपुरवाटी नगर पालिका में शहरी सेवा शिविर व गुढ़ागौड़जी में ग्रामीण सेवा शिविर का निरीक्षण किया। शिविरों में मौजूद लोगों से बात कर उनकी समस्याएं सुनी। संबंधित अधिकारियों को समस्याओं का निस्तारण करने के निर्देश दिए। इसके बाद कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली। उन्होंने शिविर की प्रगति की समीक्षा की। सभी अधिकारियों को विभाग द्वारा संचालित योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए। हर पात्र व्यक्ति तक लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने पालनहार योजना के सफल आयोजन के लिए प्रारंभिक जिला शिक्षा अधिकारी संतोष सोहू को सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग से समन्वय कर विद्यार्थियों को लाभान्वित करने के निर्देश दिए। ड्रोन दीदी योजना, विद्यालयों में नामांकन, विद्यार्थियों की उपस्थिति, स्वास्थ्य सेवाएं, बजट घोषणाओं की प्रगति पर चर्चा की। आबकारी विभाग को रात आठ बजे के बाद खुलने वाली शराब की दुकानों पर सख्त कार्रवाई करने को कहा। इससे पहले कलेक्टर डॉ. अरुण गर्ग ने बजट घोषणा, फ्लैगशिप योजना व विकास कार्यों की जानकारी दी। एडीएम अजय कुमार आर्य सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद थे। सेवा शिविर के हर प्रकरण का प्राथमिकता से निस्तारण करें : उदयपुरवाटी नगरपालिका के शहरी सेवा शिविर में प्रभारी सचिव ने विभागों की सेवाओं व योजनाओं की जानकारी ली। अधिशासी अधिकारी से भवन निर्माण स्वीकृति, स्ट्रीट लाइट, जलभराव, यूडी टैक्स, सफाई व्यवस्था, अन्य नगरीय सेवाओं की प्रगति जानी। पालनहार योजना के लाभार्थियों के लंबित सत्यापन प्रकरणों का जल्द निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सेवा शिविर का उद्देश्य एक ही स्थान पर सरकारी सेवाएं सरल, सुगम, समयबद्ध तरीके से देना है। हर प्रकरण का प्राथमिकता से निस्तारण हो। इस दौरान प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के लाभार्थियों को ऋण स्वीकृति चेक दिए। पात्र लाभार्थियों को निशुल्क इंडक्शन कुकटॉप दिए। आवासीय पट्टों का वितरण भी किया। इसके बाद गुढ़ागौड़जी के ग्रामीण सेवा शिविर में ग्रामीणों से समस्याएं सुनी। मंगला पशु बीमा योजना की जानकारी ली। उन्होंने पशुपालकों से अधिक संख्या में जुड़ने का आह्वान किया। आयुष्मान भारत योजना के तहत स्वास्थ्य सुरक्षा, दुर्घटना बीमा के लाभ बताए। पात्र परिवारों को आयुष्मान कार्ड बनवाने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी पुरुषोत्तम धानका, एसडीएम सुमन सोनल, पूर्व विधायक शुभकरण चौधरी, झुंझुनूं एसडीएम रामकरण सिंह आदि अधिकारी मौजूद थे।