सलूम्बर जिले के सेमारी में पंचायती राज आम चुनाव-2026 को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। प्रशासन ने ईंटाली पाल क्षेत्र के संवेदनशील और अति संवेदनशील मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। इसके बाद पंचायत समिति सभागार में समीक्षा बैठक हुई। इसमें अधिकारियों को सभी तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए गए। जिला कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी मुहम्मद जुनैद पी.पी. ने ईंटाली पाल क्षेत्र के संवेदनशील और अति संवेदनशील मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने व्यवस्थाओं की जमीनी हकीकत जानी। मूलभूत सुविधाओं से लेकर सुरक्षा इंतजामों तक की जानकारी ली। दौरे के दौरान जिला पुलिस अधीक्षक विशनाराम विश्नोई ने भी सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस की तैयारियों की जानकारी दी। पोलिंग बूथों की सुरक्षा जांची जिला कलेक्टर ने ईंटाली पाल क्षेत्र के मतदान केंद्रों पर पेयजल, छाया, बैठने की व्यवस्था, बिजली, प्रवेश और निकास मार्ग का जायजा लिया। इनके अलावा मतदाताओं के लिए जरूरी दूसरी सुविधाएं भी देखीं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मतदान दिवस से पहले सभी व्यवस्थाओं की जांच की जाए। कमियों को दूर किया जाए, ताकि मतदाताओं को मतदान के दौरान किसी तरह की परेशानी नहीं हो। उन्होंने दिव्यांग मतदाताओं की सुगम आवाजाही सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया। जिला कलेक्टर ने साफ किया कि मतदान केंद्रों पर व्यवस्थाएं ऐसी हों, जिससे हर मतदाता बिना किसी असुविधा के अपने मताधिकार का प्रयोग कर सके। संवेदनशील बूथों पर रहेगी विशेष निगरानी चुनाव के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने और मतदाताओं में सुरक्षा का भरोसा कायम करने के लिए प्रशासन ने संवेदनशील और अति संवेदनशील मतदान केंद्रों पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। जिला कलेक्टर ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया को प्रभावित करने वाली गतिविधियों पर नजर रखी जाए। साथ ही सभी अधिकारी निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों और आदर्श आचार संहिता की पालना सुनिश्चित करें। जिला पुलिस अधीक्षक विशनाराम विश्नोई ने चुनाव के दौरान सुरक्षा इंतजामों, पुलिस की तैयारियों और कानून-व्यवस्था बनाए रखने से जुड़ी जानकारी साझा की। उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ समन्वय बनाकर काम करने पर जोर दिया, ताकि मतदान शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराया जा सके। पंचायत समिति में बैठक लेकर जानी तैयारियों की स्थिति मतदान केंद्रों के निरीक्षण के बाद पंचायत समिति सभागार में समीक्षा बैठक हुई। इसमें जिला कलेक्टर ने अलग-अलग विभागों के अधिकारियों से चुनावी तैयारियों की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को सौंपे गए दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्वाचन से जुड़े सभी काम तय समय-सीमा में पूरे किए जाएं। किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरती जाए। बैठक में जिला पुलिस अधीक्षक विशनाराम विश्नोई, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रतन चावला, उपखंड अधिकारी रतन कौर, तहसीलदार भूपेश डोडा, विकास अधिकारी सीताराम और सीबीईओ माया बजाड़ मौजूद रहे। इनके अलावा अलग-अलग विभागों के अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद रहे। उपखंड और तहसील कार्यालय का भी किया निरीक्षण चुनावी तैयारियों की समीक्षा के बाद जिला कलेक्टर ने सेमारी उपखंड कार्यालय और तहसील कार्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यालयों में चल रहे कामों और प्रशासनिक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। जिला कलेक्टर के दौरे में मतदान केंद्रों की व्यवस्थाओं की जांच, सुरक्षा तैयारियों की समीक्षा और सरकारी कार्यालयों के निरीक्षण पर खास फोकस रहा। प्रशासन ने साफ किया कि पंचायती राज चुनाव-2026 में निष्पक्षता, शांति और मतदाताओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी।