कस्बे के जहाज सड़क मार्ग पर काटली नदी के तट पर स्थित गोरक्षनाथ मंदिर का 22वां पाटोत्सव दो दिवसीय धार्मिक कार्यक्रमों के साथ मनाया गया। धाम के संत गिरधारी नाथ योगी ने बताया कि मंगलवार को मुख्य कार्यक्रम हुआ। बाबूलाल योगी ने बताया कि कार्यक्रम में संतों के सानिध्य में ओम श्री गोरक्षनाथ मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना हुई। महाआरती के बाद भंडारे का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सोमवार रात्रि को गिरधारी नाथ योगी सहित अन्य श्रद्धालुओं ने भजनों की प्रस्तुति दी। समापन के अवसर पर संतों के सानिध्य में धर्मसभा हुई। इसमें संतों ने धार्मिक अनुष्ठान, परोपकार व आध्यात्मिक विषयों पर जानकारी दी। प्रथम रोटी गो-ग्रास के रूप में गाय को खिलाने का संकल्प दिलाया गया। वहीं धर्मसभा के समापन पर संतों की विदाई के साथ दो दिवसीय पाटोत्सव संपन्न हुआ। आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। कार्यक्रम में पं. विनोद जोशी, किशन लाल सैनी, मंशीराम कुड़ी, निहाल सिंह, विक्रम योगी, मदनलाल, शिवपाल, परसाराम, रामस्वरूप, कमलेश सैनी, लालचंद सैनी, काटलीपुरा सहित अन्य श्रद्धालु शामिल हुए।