भास्कर न्यूज | भरतपुर अमरनाथ यात्रा के लिए काउंट डाउन शुरू हो चुका है। यात्रा का विधिवत शुभारंभ 3 जुलाई से होगा। जो 28 अगस्त तक चलेगी। करीब 57 दिन चलने वाली इस यात्रा को लेकर अमरनाथ जाने की तैयारी में जुटे श्रद्धालुओं में खासा उत्साह है। भरतपुर से पहला जत्था 4 जुलाई को रवाना होगा। इधर, भरतपुर वालों के सहयोग से शिव शक्ति जन सेवा संस्था का बालटाल में भंडारा एवं स्टे कैंप प्रारंभ हो गया है। अमरनाथ सेवा दल के मोहनलाल एवं दिनेश गोयंका ने बताया कि श्री अमरनाथ यात्रा रक्षाबंधन तक चलेगी। जिले से पहला जत्था शनिवार को रवाना होगा, जिसमें करीब 100 यात्री जा रहे हैं। इस बार बाबा बर्फानी के दर्शनों के लिए छोटे-बड़े मिलाकर 20 से ज्यादा जत्थे रवाना होंगे। इनमें 5-6 बड़े जत्थे ऐसे हैं, जिनमें 100 से अधिक श्रद्धालु शामिल होंगे। अमरनाथ यात्रियों को यात्रा के दौरान शिव शक्ति जनसेवा संस्था की ओर से भोजन, आवास आैर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए बालटाल में भंडारा एवं कैंप लगाया गया है।इसमें भरतपुर के श्रद्धालु भी सहयोगी है। वहीं अगस्त माह के रजिस्ट्रेशन जारी है। यात्रा में जाने वाले श्रद्धालु इन दिनों इम्युनिटी पावर बढ़ाने के लिए नियमित रूप से आठ से दस किमी वॉक कर रहे हैं। योगा कर श्वसन तंत्र को मजबूत बना रहे हैं।