जयपुर को स्वच्छता के शिखर पर पहुंचाने के लिए शनिवार को नगर निगम ने अब तक का सबसे बड़ा सफाई अभियान 'सफाई सेवा मैराथन-2026' चलाया। इसके तहत एक ही दिन में 6000 टन कचरा उठाकर नया रिकॉर्ड बनाया है। जयपुर में हर दिन 2000 टन कचरा उठता है। शहर के 150 वार्डों में सुबह 7 बजे से चले अभियान में 9 हजार से अधिक अधिकारी-कर्मचारी मैदान में उतरे। करीब 1500 वाहनों के जरिए 7000 ट्रिप्स में कचरे का निस्तारण किया गया। यह अभियान केवल नियमित सफाई तक सीमित नहीं रहा। इसमें उन स्थानों को भी शामिल किया गया, जहां लंबे समय से कचरा जमा था। इस दौरान सैकड़ों ओपन कचरा डिपो हटाए गए। नगर निगम कमिश्नर ओम कसेरा भी सुबह 7 बजे से देर शाम तक लगातार फील्ड में सक्रिय रहे। उन्होंने करीब 200 किलोमीटर का रूट कवर किया, जिसमें 15 किलोमीटर पैदल निरीक्षण भी शामिल रहा। इस दौरान उन्होंने शहर के 60 से अधिक प्रमुख स्थानों का निरीक्षण किया और कई जगह खुद मौके पर खड़े होकर सफाई व्यवस्था की निगरानी की। खास बात यह रही कि कमिश्नर केवल निरीक्षण तक सीमित नहीं रहे, उन्होंने खुद कूड़ा उठाया। कचरा उठाकर डस्टबिन में डाला। दोपहर होते-होते निगम कमिश्नर को जयपुर कलेक्टर संदेश नायक का साथ मिला। दोनों अधिकारियों ने विभिन्न स्थानों का निरीक्षण किया। इस दौरान दोनों ने RUHS स्थित अन्नपूर्णा रसोई में टीम के साथ खाना खाया। कलेक्टर ने की पहल की सराहना कलेक्टर संदेश नायक ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा- इस मॉडल को अन्य निकायों में भी लागू करने की दिशा में काम किया जाएगा। निगम कमिश्नर ओम कसेरा ने कहा- यह सिर्फ सफाई अभियान नहीं, बल्कि स्वच्छ जयपुर, सुंदर जयपुर के संकल्प को साकार करने की दिशा में बड़ा कदम है। उन्होंने कहा- आमजन की सक्रिय भागीदारी ने इस अभियान को जन आंदोलन का रूप दिया है। पहली बार इतने बड़े स्तर पर हुए इस सफाई महाअभियान ने यह साबित कर दिया कि प्रशासनिक इच्छाशक्ति, जनसहयोग और सतत निगरानी के साथ जयपुर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाया जा सकता है। कमिश्नर ने जनता से पूछा- क्या गाड़ी रोज टाइम पर आती है? निरीक्षण के दौरान कमिश्नर ओम कसेरा ने सीधे आम जनता से संवाद किया। उन्होंने राहगीरों और दुकानदारों से पूछा- क्या आपके इलाके में रोज इसी तरह सफाई होती है? डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन वाली गाड़ी समय पर पहुंच रही है या नहीं? सफाई अभियान की PHOTOS… पल-पल के अपडेट के लिए ब्लॉग देखिए…