जयपुर के संस्कार स्कूल में मोजेक आर्ट फेस्ट 2026 का आयोजन किया गया। यह अंतर-विद्यालय कला प्रतियोगिता 'माई सिटी, माई कैरिकुलम' जयपुर के 300 वर्षों का उत्सव” थीम पर थी। कार्यक्रम की शुरुआत चेयरपर्सन रिया थायरियामल, प्राचार्या नीलम भारद्वाज, गिरधर कुमारी और उप-प्राचार्या मनीषा चंद्रा की उपस्थिति में हुई। प्रतियोगिता को आयु वर्ग के अनुसार चार श्रेणियों में विभाजित किया गया। इनमें विंटेज थीम, राजस्थानी लोक कला, ब्लू पॉटरी और जयपुर के 300 वर्ष शामिल थी। इन थीम के आधार पर कक्षा चार से 12 वीं तक के बच्चों ने कलाकृतियां बनाई। इस अवसर पर राजस्थान विश्वविद्यालय के फाइन आर्ट्स संकाय के वरिष्ठ सहायक प्राध्यापक डॉ. राजेंद्र प्रसाद, ब्लॉक प्रिंटिंग विशेषज्ञ विक्रम जोशी, कलरबॉक्स आर्ट अकादमी की संस्थापक प्रियंका माहेश्वरी, कलाकार एवं कवि अमित कल्ला, पेंसिलबॉक्स के अनुराग सिंघल और चित्रकार शान भटनागर भी मौजूद थे। कार्यक्रम के दौरान एक सांस्कृतिक नृत्य प्रस्तुति भी आयोजित की गई। कार्यक्रम के अंत में सभी श्रेणियों के विजेताओं की घोषणा की गई। इसके बाद उप-प्राचार्या मनीषा चंद्रा ने सभी का आभार जताया।