जयपुर इन दिनों बॉलीवुड सितारों की पसंदीदा जगह बना हुआ है। एक ओर हिंदी सिनेमा की चर्चित अदाकारा मंदाकिनी जयपुर की विरासत और आध्यात्मिक स्थलों की खूबसूरती में खोई नजर आईं। वहीं, सोमवार को बॉलीवुड सिंगर और टीवी होस्ट आदित्य नारायण भी जयपुर पहुंचे। बॉलीवुड की जानी-मानी अभिनेत्री मंदाकिनी पिछले कुछ दिनों से जयपुर प्रवास पर हैं। इस दौरान वे शहर की हेरिटेज लोकेशंस, ऐतिहासिक धरोहरों और आध्यात्मिक स्थलों का आनंद लेती नजर आ रही हैं। वे गलताजी मंदिर भी पहुंचीं। यहां उन्होंने दर्शन किए और मंदिर परिसर की खूबसूरती को करीब से देखा। गलताजी मंदिर में मंदाकिनी ने न केवल पूजा-अर्चना की, बल्कि वहां मौजूद प्राचीन धरोहरों, कुंडों और स्थापत्य शैली के बीच वीडियो शूट भी करती नजर आईं। मंदिर परिसर और आसपास की ऐतिहासिक इमारतों के साथ उन्होंने कई वीडियो और विजुअल्स रिकॉर्ड किए। मंदाकिनी ने सोशल मीडिया अकाउंट पर वीडियो शेयर करते हुए लिखा कि जयपुर आना उनके लिए हमेशा से खास रहा है। इस शहर की हर इमारत, हर गलियारा और हर हेरिटेज स्ट्रक्चर अपने भीतर एक अलग कहानी समेटे हुए है। जयपुर की वास्तुकला, शाही अंदाज और सांस्कृतिक गरिमा हमेशा आकर्षित करती है। जब भी वे जयपुर आती हैं, पूरा समय लेकर आती हैं, ताकि इस शहर की खूबसूरती को करीब, सुकून और गहराई से महसूस कर सकें। ‘राम तेरी गंगा मैली’ से बनीं सुपरस्टार मंदाकिनी हिंदी सिनेमा की उन अभिनेत्रियों में शुमार रही हैं, जिन्होंने कम समय में अपनी खास पहचान बनाई। 1985 में रिलीज हुई राज कपूर निर्देशित फिल्म ‘राम तेरी गंगा मैली’ से मंदाकिनी को जबरदस्त लोकप्रियता मिली। इस फिल्म में उनकी अदाकारी और दमदार स्क्रीन प्रेजेंस ने उन्हें रातोंरात स्टार बना दिया। ‘राम तेरी गंगा मैली’ के अलावा ‘डांस डांस’, ‘कहां है कानून’, ‘प्यार करके देखो’, ‘तेजाब’, ‘लड़ाई’ और ‘शेषनाग’ जैसी फिल्मों में काम किया। 80 और 90 के दशक में वे अपनी खूबसूरती, सादगी और स्क्रीन अपील के लिए खास तौर पर जानी जाती थीं। मंदाकिनी का जन्म मेरठ में हुआ था। उनके पिता ब्रिटिश मूल के और मां भारतीय थीं। फिल्मों में सफलता के बाद उन्होंने लंबे समय तक लाइमलाइट से दूरी बना ली। बाद में उन्होंने बौद्ध धर्म अपनाया और पारिवारिक जीवन को प्राथमिकता दी। मंदाकिनी ने डॉ. काग्यूर टी. रिनपोचे ठाकुर से विवाह किया। अब वे अपने परिवार के साथ अपेक्षाकृत शांत जीवन जीती हैं। पिछले कुछ समय से वे फिर सार्वजनिक आयोजनों और सोशल मीडिया के जरिए अपने प्रशंसकों से जुड़ती नजर आ रही हैं। आदित्य नारायण भी पहुंचे जयपुर, इवेंट में करेंगे परफॉर्म वहीं, सोमवार को बॉलीवुड सिंगर, एंकर और होस्ट आदित्य नारायण भी जयपुर पहुंचे। वे एयर इंडिया की फ्लाइट से जयपुर पहुंचे, जहां एयरपोर्ट पर उन्हें स्पॉट किया गया। आदित्य यहां एक विशेष इवेंट में परफॉर्म करने के लिए आए हैं। उनके जयपुर आगमन को लेकर फैंस में उत्साह देखने को मिला। आदित्य नारायण ने बतौर सिंगर और टीवी होस्ट इंडस्ट्री में अपनी अलग पहचान बनाई है। वे दिग्गज गायक उदित नारायण के बेटे हैं। बचपन से ही संगीत और मनोरंजन की दुनिया से जुड़े रहे हैं। उन्होंने बहुत कम उम्र में ही प्लेबैक सिंगिंग शुरू कर दी थी और बाद में टीवी की दुनिया में भी अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई।