राजधानी दिल्ली में खराब मौसम के कारण देशभर से आने वाली कई उड़ानों को डायवर्ट किया गया। जिससे जयपुर एयरपोर्ट पर यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। सोमवार को अलग-अलग शहरों से दिल्ली जा रही कई फ्लाइट्स मौसम खराब होने के चलते जयपुर डायवर्ट कर दी गईं। इनमें गुवाहाटी से दिल्ली जा रही एयर इंडिया एक्सप्रेस की एक फ्लाइट सबसे ज्यादा प्रभावित रही। यह फ्लाइट पहले दिल्ली में लैंड नहीं कर सकी, जिसके बाद इसे लखनऊ भेजा गया। वहां से दोबारा उड़ान भरने के बाद भी दिल्ली में अनुमति नहीं मिली और लास्ट में इसे जयपुर डायवर्ट करना पड़ा। इस दौरान यात्री करीब 10 घंटे तक लगातार सफर और इंतजार से जूझते रहे। सुबह 6:15 बजे जयपुर पहुंचने के बाद भी यात्रियों को राहत नहीं मिली। दिल्ली के लिए अनुमति मिलने के बावजूद पायलट ने ड्यूटी टाइम खत्म होने का हवाला देते हुए उड़ान भरने से इनकार कर दिया। इसके बाद फ्लाइट को करीब पांच घंटे बाद सुबह 11:30 बजे रवाना किया गया। इसी तरह रीवा से आई एक अन्य फ्लाइट के पायलट ने भी उड़ान भरने से मना कर दिया, जिसके चलते यात्रियों को बस से दिल्ली भेजना पड़ा। इस दौरान जयपुर एयरपोर्ट पर डायवर्ट होकर आए विमानों की संख्या बढ़ गई। सिंगापुर, पुणे, मुंबई, नासिक, अमृतसर, कोलकाता और इंदौर से दिल्ली जाने वाली कई उड़ानें भी यहां उतारी गईं। एयरपोर्ट सूत्रों के अनुसार देर रात तक सात फ्लाइट्स को वापस रवाना किया गया, जबकि चार उड़ानें सुबह 11 बजे तक ही उड़ान भर सकीं। यात्रियों की नाराजगी तब और बढ़ गई, जब एयरलाइंस कंपनियां बार-बार उड़ानों के समय में बदलाव करती रहीं। जयपुर से बेंगलुरु जाने वाली एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट भी निर्धारित समय रात 10:55 बजे रवाना नहीं हो सकी। एयरक्राफ्ट की कमी बताई गई और लगातार समय बदलने से परेशान यात्रियों ने हंगामा कर दिया। अंततः उन्हें सुबह दूसरी फ्लाइट से भेजा गया। खराब मौसम और अव्यवस्था के चलते कई यात्रियों को जयपुर एयरपोर्ट पर पूरी रात बितानी पड़ी। सुबह रवाना होने के बाद यात्रियों ने सोशल मीडिया पर अपना गुस्सा जाहिर करते हुए एयरलाइंस के रवैये को गैर-जिम्मेदाराना बताया। गौरतलब है कि इससे पहले भी पायलटों की कमी और फ्लाइट ड्यूटी टाइम लिमिटेशन नियमों के कारण एयरलाइंस को परिचालन संबंधी चुनौतियों का सामना करना पड़ा है। एक बार फिर ऐसी स्थिति ने यात्रियों की परेशानी बढ़ा दी है।