जयपुर में सोमवार रात तेज आंधी और खराब मौसम के कारण जयपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर फ्लाइट संचालन बुरी तरह प्रभावित हुआ। तेज हवा और कम विजिबिलिटी की वजह से कई विमानों की लैंडिंग नहीं हो सकी। आंधी के चलते तीन फ्लाइट्स को डायवर्ट करना पड़ा, जबकि कई अन्य फ्लाइट्स लंबे समय तक जयपुर के आसमान में होल्ड पर रहीं। इस वजह से जयपुर आने वाले पैसेंजर्स को 3 से 5 घंटे तक भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। खराब मौसम के कारण विमान की लैंडिग नहीं हुई सबसे पहले अहमदाबाद से जयपुर आ रही इंडिगो की फ्लाइट 6E-7131 की लैंडिंग प्रभावित हुई। यह फ्लाइट रात 9:12 बजे अहमदाबाद से रवाना हुई थी। इसे रात 10:45 बजे जयपुर एयरपोर्ट पर लैंड करना था। लेकिन तेज आंधी और खराब मौसम के कारण विमान की लैंडिंग संभव नहीं हो सकी। काफी देर तक फ्लाइट को जयपुर एयरस्पेस में होल्ड पर रखा गया, लेकिन परिस्थितियां सामान्य नहीं होने पर आखिरकार इसे दिल्ली डायवर्ट कर दिया गया। आसमान में चक्कर लगाता रहा विमान इसी तरह मुंबई से जयपुर आ रही एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट IX-1219 भी जयपुर में लैंड नहीं कर सकी। इस फ्लाइट को रात 10:15 बजे जयपुर एयरपोर्ट पर उतरना था, लेकिन तेज आंधी के कारण पायलट को लैंडिंग में कठिनाई हुई। विमान काफी देर तक आसमान में चक्कर लगाता रहा और बाद में इसे भी दिल्ली डायवर्ट कर दिया गया। वापस इंदौर पहुंची इंदौर से जयपुर आ रही इंडिगो की फ्लाइट 6E-7745 का मामला भी ऐसा ही रहा। यह फ्लाइट रात 9:15 बजे जयपुर पहुंचने वाली थी, लेकिन खराब मौसम के कारण इसकी लैंडिंग नहीं हो सकी। काफी देर तक विमान को होल्ड पर रखा गया, लेकिन आखिरकार पायलट को फ्लाइट को वापस इंदौर डायवर्ट करना पड़ा। पैसेंजर्स जयपुर पहुंचने के बजाय वापस इंदौर लौट गए। रनवे टच कर गो अराउंड किया मुंबई से जयपुर आ रही एयर इंडिया की फ्लाइट AI-413 की लैंडिंग में भी भारी दिक्कत आई। पायलट ने एक बार रनवे पर विमान उतारने की कोशिश की, लेकिन रनवे टच करते ही विमान को गो अराउंड करना पड़ा। इसके बाद विमान करीब एक घंटे तक जयपुर के आसमान में गोल चक्कर लगाता रहा और सुरक्षित लैंडिंग के लिए मौसम सामान्य होने का इंतजार करता रहा। 45 मिनट एयरस्पेस में होल्ड पर रही गुवाहाटी से जयपुर आ रही इंडिगो की फ्लाइट 6E-749 की लैंडिंग में भी देरी हुई। यह फ्लाइट करीब 45 मिनट तक जयपुर के एयरस्पेस में होल्ड पर रही। कम विजिबिलिटी और तेज हवाओं के कारण पायलट को लैंडिंग की अनुमति मिलने में समय लगा। वहीं आबूधाबी से आने वाली एतिहाद एयरवेज की फ्लाइट समय पर लैंड नहीं कर सकी। फ्लाइट शाम 7:35 बजे जयपुर पहुंची थी, लेकिन तेज हवा और खराब विजिबिलिटी के चलते उसे तुरंत लैंडिंग की अनुमति नहीं मिली। एतिहाद एयरवेज के विमान ने आसमान में 8 चक्कर लगाए विमान करीब 45 मिनट तक हवा में होल्ड पर रहा और इस दौरान एयरपोर्ट के ऊपर लगभग आठ चक्कर लगाने पड़े। लगातार देरी और बार-बार चक्कर लगाने से यात्रियों में घबराहट का माहौल बन गया। हालांकि मौसम में हल्का सुधार होने के बाद विमान को सुरक्षित रूप से जयपुर एयरपोर्ट पर उतार लिया गया। एयरपोर्ट सूत्रों के अनुसार, तेज आंधी और धूलभरी हवाओं के चलते विजिबिलिटी काफी कम हो गई थी, जिससे पायलटों को रनवे साफ दिखाई नहीं दे रहा था। सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए कई विमानों को होल्ड पर रखा गया और कुछ को डायवर्ट करने का फैसला लिया गया। फ्लाइट्स के डायवर्ट होने और लगातार देरी के कारण पैसेंजर्स को एयरपोर्ट और फ्लाइट में लंबे समय तक इंतजार करना पड़ा। कई पैसेंजर्स रातभर परेशान रहे, जबकि कुछ को दिल्ली और इंदौर पहुंचने के बाद आगे की ट्रैवल प्लान के लिए अलग व्यवस्था करनी पड़ी।