जयपुर एयरपोर्ट पर 25 अक्टूबर से विंटर शेड्यूल लागू होने जा रहा है। नए टाइम टेबल में लगभग 72 फ्लाइट के संचालन की तैयारी की गई है। अभी जयपुर से अंतरराष्ट्रीय रूट्स पर सप्ताह में करीब 68 फ्लाइट्स संचालित हो रही हैं, जबकि विंटर शेड्यूल में इनकी संख्या बढ़कर 110 प्रति सप्ताह हो जाएगी। इस तरह रोजाना औसतन करीब 8 इंटरनेशनल फ्लाइट्स का संचालन होगा। विंटर शेड्यूल के तहत दिल्ली, मुंबई और बेंगलुरु जैसे प्रमुख शहरों के लिए उड़ानों के विकल्प बढ़ेंगे। वहीं, जोधपुर के लिए भी सीधी हवाई कनेक्टिविटी मिलने की संभावना है। हालांकि, कुछ नई उड़ानों के लिए यात्रियों को नवंबर तक इंतजार करना पड़ सकता है। इसके अलावा जयपुर से दुबई जाने वाली दोनों फ्लाइट के टाइम टेबल में भी रविवार से बदलाव होगा। अंतरराष्ट्रीय हवाई कनेक्टिविटी के लिहाज से भी नवंबर का महीना अहम रहने वाला है। 17 नवंबर से जयपुर-बैंकॉक फ्लाइट फिर से उड़ान भरना शुरू करेगी। इससे बैंकॉक जाने वाले यात्रियों को सीधी हवाई यात्रा का विकल्प मिलेगा। सुबह से रात तक इन शहरों के लिए मिलेंगी फ्लाइट्स नए टाइम टेबल के अनुसार- जयपुर से कोलकाता जाने वाली इंडिगो की फ्लाइट 6E-384 सुबह 5 बजकर 25 मिनट पर उड़ान भरेगी। नवी मुंबई के लिए इंडिगो की फ्लाइट 6E-2068 सुबह 7 बजकर 10 मिनट पर रवाना होगी। एयर इंडिया की फ्लाइट AI-2578 सुबह 7 बजकर 30 मिनट पर जयपुर से दिल्ली के लिए उड़ान भरेगी। जोधपुर के लिए इंडिगो की फ्लाइट 6E-7713 सुबह 7 बजकर 40 मिनट पर संचालित होगी। दिल्ली के लिए एयर इंडिया की फ्लाइट AI-2546 दोपहर 12 बजकर 45 मिनट पर रवाना होगी, जबकि इंडिगो की फ्लाइट 6E-2495 दोपहर 3 बजकर 15 मिनट पर दिल्ली के लिए उड़ान भरेगी। लखनऊ के लिए इंडिगो की फ्लाइट 6E-7717 शाम 4 बजकर 10 मिनट पर रवाना होगी। बेंगलुरु के लिए एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट IX-1130 रात 8 बजकर 35 मिनट पर उड़ान भरेगी। वहीं, मुंबई के लिए एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट IX-1247 रात 10 बजकर 15 मिनट पर रवाना होगी। जयपुर से बैंकॉक के लिए सप्ताह में 4 दिन फ्लाइट संचालित होंगी जयपुर से बैंकॉक की फ्लाइट बंद है, जिसे नवंबर में फिर से शुरू किया जाएगा। यह फ्लाइट सप्ताह में चार दिन संचालित होगी। वहीं, दुबई के लिए एक और फ्लाइट उपलब्ध होगी। मस्कट के लिए भी विंटर शेड्यूल में रोजाना कनेक्टिविटी मिलेगी, जबकि अभी इस रूट पर सप्ताह में चार दिन ही फ्लाइट संचालित होती है।