जयपुर में गर्भवती महिला से छेड़छाड़ करने वाला अपराधी यहां फरारी काट रहा था। मध्यप्रदेश का आदतन अपराधी राहुल घुरैया उर्फ राज जयपुर में छिपकर रह रहा था। वहीं अपना आपराधिक नेटवर्क भी मजबूत कर रहा था। जयपुर पुलिस की जांच में सामने आया है कि आरोपी सांगानेर और प्रताप नगर इलाकों में सक्रिय बदमाशों के संपर्क में था। आरोपी उन्हें अवैध हथियार उपलब्ध करवाता था। आरोपी करीब ढाई साल से जयपुर में किराए के मकान में रहकर स्पा सेंटर में काम कर रहा था। हैरानी की बात यह है कि इतने लंबे समय तक उसकी गतिविधियों की भनक तक पुलिस को नहीं लगी। उसके रहने और काम करने की व्यवस्था स्थानीय अपराधियों द्वारा कराई गई थी। डीसीपी ईस्ट रंजिता शर्मा ने बताया- पूछताछ में सामने आया कि आरोपी राहुल उर्फ राज अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हथियार हासिल करने की कोशिश में था। आरोपी राहुल AK-47 लेने के लिए पाकिस्तान की एक वेबसाइट से संपर्क में था। आरोपी राहुल सोशल मीडिया पर हथियारों के साथ फोटो भी अपलोड करता था। इसके बाद मध्यप्रदेश पुलिस उसके पीछे लग गई और वह जयपुर आकर छिप गया। गर्भवती महिला से की थी छेड़छाड़, मुरैना कोर्ट में किया था आत्मसमर्पण मामले का खुलासा उस वक्त हुआ, जब मालवीय नगर सेक्टर-9 क्षेत्र में 25 मार्च 2026 को एक गर्भवती महिला से आरोपी राहुल ने छेड़छाड़ की थी। पीड़िता ने जवाहर सर्कल थाना में 26 मार्च को शिकायत दी थी, लेकिन पुलिस ने मामले को गंभीरता से नहीं लेते हुए केस दर्ज नहीं किया था। इसके बाद घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर होने के बाद पुलिस की लापरवाही उजागर हुई और कार्रवाई की गई। जांच के दौरान आरोपी की तलाश में दबिश दी गई। इसी बीच उसने मुरैना कोर्ट में आत्मसमर्पण कर दिया। बाद में पुलिस उसे प्रोडक्शन वारंट पर जयपुर लेकर आई। मध्यप्रदेश में 33 मामले दर्ज, अवैध पिस्टल खरीदने वाले भी गिरफ्तार डीसीपी ईस्ट रंजिता शर्मा ने बताया- आरोपी राहुल के खिलाफ मध्यप्रदेश में हत्या का प्रयास, लूट, डकैती और आर्म्स एक्ट के 33 मामले दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर कई जगह दबिश देकर अवैध पिस्टल बरामद की। आरोपी ने प्रताप नगर थाना क्षेत्र में किसी को देसी पिस्टल देने की जानकारी दी। इसकी पूछताछ के आधार पर अलग-अलग दो आरोपियों से अवैध पिस्टल बरामद की गई। वहीं दो अलग-अलग मामले आर्म्स एक्ट में दर्ज कर आरोपी ओमप्रकाश उर्फ ओमी बन्ना और राज अहीरवाल उर्फ छोटा राज को गिरफ्तार कर आरोपियों को सलाखों के पीछे भिजवाया गया। आरोपी राहुल को शरण देने वाले भी गिरफ्त में आरोपी को शरण देने के आरोप में निवाई (टोंक) निवासी शुभम अग्रवाल उर्फ सिद्धार्थ और पीपलू निवासी बाबूलाल बराला को भी गिरफ्तार किया गया है। दोनों जयपुर में स्पा सेंटर संचालित कर रहे थे और उनका भी आपराधिक रिकॉर्ड सामने आया है। जांच में यह भी सामने आया है कि न तो आरोपियों का पुलिस वेरिफिकेशन कराया गया और न ही मकान मालिकों ने किराएदार सत्यापन की प्रक्रिया अपनाई। पुलिस फिलहाल पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है। वहीं यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आरोपी ने किन-किन लोगों को हथियार सप्लाई किए और इस गिरोह में और कौन-कौन शामिल है।
यह खबर भी पढ़ें... जयपुर में प्रेग्नेंट महिला से छेड़छाड़-VIDEO:पीछा कर सुनसान गली में पकड़ा, विरोध कर शोर मचाने पर भागा; कार्रवाई नहीं करने पर दो पुलिसकर्मी सस्पेंड जयपुर में प्रेग्नेंट महिला से छेड़छाड़ का मामला सामने आया था। छेड़छाड़ के लिए पीछा कर रहे बदमाश ने सुनसान गली में महिला को पकड़ लिया था। विरोध कर शोर मचाने पर तेजी से भाग निकला। (पूरी खबर पढ़ें)