एटीएम कार्ड बदलकर ठगी करने वाले गिरोह के 3 आरोपी जयपुर पुलिस ने गिरफ्तार किए। इनमें एक बदमाश मर्डर का आरोपी निकला। गैंग बनाने वाला मास्टर माइंड सोनू वैष्णव डीग जिले में हत्या कर फरारी काटने जयपुर आया था। डीसीपी (वेस्ट) प्रशांत किरण ने बताया- एटीएम कार्ड बदलकर ठगी मामले में आरोपी सोनू वैष्णव, विरेंद्र सिंह और सद्दाम को बुधवार को अरेस्ट किया गया है। आरोपियों ने अपने नाम के पहले शब्द के अनुसार SVS नाम से गैंग बना रखी थी। झोटवाड़ा इलाके में स्थित एक एटीएम बूथ से रुपए निकालने आए बुजुर्ग का एटीएम कार्ड बदलकर गिरोह ने 26 अप्रैल को ठगी की थी। पुलिस ने CCTV फुटेजों के आधार पर रूट चार्ट तैयार कर तीनों बदमाशों को धर-दबोचा। झोटवाड़ा थाना पुलिस फिलहाल गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है। इनामी बदमाश होने का चला पता पुलिस ने बताया- एटीएम कार्ड बदलकर ठगी करने वाली गैंग के तीन बदमाशों ने मिलकर SVS नाम से गैंग बनाई थी। पुलिस के सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपी सोनू वैष्णव के खिलाफ एक दर्जन से अधिक आपराधिक मामले दर्ज होने की जानकारी मिली। डीग जिले में 2 साल पहले जमीन विवाद में की थी हत्या पूछताछ में आरोपी सोनू वैष्णव ने बताया- वर्ष 2024 में जमीनी विवाद में साथियों के साथ मिलकर फायरिंग कर हत्या कर दी थी। डीग के कुम्हेर थाने में हत्या मामले में वह वांटेड है। डीग एसपी ने उस पर 5 हजार रुपए का इनाम भी रखा है। पिछले दो साल से फरारी काटने के लिए आरोपी सोनू अपने ठिकाने बदल रहा था। जयपुर में फरारी के दौरान नए दोस्तों के साथ मिलकर गैंग बनाकर एटीएम कार्ड बदल ठगी करने लगा।