जयपुर में आज सुबह बोलेरो और एम्बुलेंस की भिड़ंत हो गई। बस को ओवरटेक करने के दौरान बोलेरो डिवाइडर कूदकर रॉग साइड जाकर एम्बुलेंस से टकराकर पलटी खा गई थी। हादसे में बोलेरो व एम्बुलेंस में सवार सात लोग घायल हो गए। हरमाड़ा थाना पुलिस ने घायलों को कांवटिया हॉस्पिटल पहुंचाया। SHO (हरमाड़ा) उदय सिंह यादव ने बताया कि हादसा सुबह करीब 8:45 बजे हरमाड़ा घाटी में हुआ। एक बोलेरो गाड़ी में सवार चार लोग चौमूं से जयपुर जा रहे थे। हरमाड़ा घाटी में लोक परिवहन बस को ओवरटेक करने के दौरान बोलेरो का बैलेंस बिगड़ गया। बोलेरो गाड़ी डिवाइडर क्रॉस कर रॉग साइड जाकर एम्बुलेंस को टक्कर मारकर पलटी खा गई। हादसे में बोलेरो और एम्बुलेंस में सवार 7 लोग घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर हरमाड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को कांवटिया हॉस्पिटल ले जाया गया। प्राथमिक इलाज के बाद चार जनों को छुट्टी दे दी गई। घायल बीना देवी, मनीषा और देपेन्द्र का इलाज चल रहा है। पुलिस ने क्षतिग्रस्त दोनों वाहनों को साइड करवाकर बाधित ट्रैफिक को चालू करवाया।