जयपुर की जवाहर सर्किल थाना पुलिस ने मकान में हुई चोरी की वारदात को खुलासा किया। पुलिस ने 100 से ज्यादा सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपी विक्रम मीणा उर्फ विक्की (23) को 27 अक्टूबर को दबिश देकर जयपुर से गिरफ्तार किया। पुलिस ने गुरुवार को कोर्ट में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया और पुलिस ने आरोपी से वारदात स्थल का मौका मुआयना करवाने के लिए परेड भी निकाली। आरोपी एमपी, यूपी समेत अन्य 4 राज्यों में फरारी काट रहा था, जिसके बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर रूट मैप तैयार किया। फिर चारों राज्यों में पुलिस ने दबिश दी, लेकिन पुलिस को आरोपी की जयपुर आने की सूचना मिली। फिर पुलिस ने जयपुर से दबोचा। आरोपी विक्रम मीणा निवासी गांव राघवपुरा, थाना बामनवास, जिला सवाई माधोपुर है। वर्तमान में वह जयपुर के मालवीय नगर थाना क्षेत्र स्थित डी-307, डी ब्लॉक में किराए के मकान में रह रहा था। पुलिस टीम ने दिल्ली, हरियाणा, मध्यप्रदेश और उत्तर प्रदेश में भी दबिश दी। आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए सोने-चांदी जैसे धातु के आभूषण और विदेशी घड़ी बरामद की गई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ चोरी, नकबजनी और आर्म्स एक्ट के मामले भी दर्ज हैं। मामले में उसका साथी पीडी उर्फ पिंटू मीणा अभी फरार है। परिवार के साथ चंडीगढ़ गया था पीड़ित, पीछे से मकान में चोरी परिवादी केके रत्तू ने 15 अक्टूबर को जवाहर सर्किल थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। परिवादी ने बताया कि वह 9 अक्टूबर को परिवार सहित चंडीगढ़ गया हुआ था। 15 अक्टूबर की सुबह मेड पौधों को पानी देने के लिए घर पहुंची तो मकान के ताले टूटे हुए मिले। सूचना मिलने पर परिवादी जयपुर पहुंचा। जांच करने पर घर से रोजमर्रा के सोने-चांदी के आभूषण, करीब आधा किलो चांदी और 5-6 विदेशी घड़ियां गायब मिलीं। रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। 100 से ज्यादा CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली डीसीपी ईस्ट रंजीता शर्मा ने बताया कि पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास लगे 100 से ज्यादा CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज के आधार पर आरोपियों के आने-जाने के रास्तों का रूटमैप तैयार किया गया। इसके बाद संभावित ठिकानों पर निगरानी रखी गई और मुखबिरों से जानकारी जुटाई गई। आरोपी की लोकेशन और मूवमेंट की जानकारी मिलने पर पुलिस टीम ने लगातार उसका पीछा किया। इसके बाद दिल्ली, हरियाणा, मध्यप्रदेश और उत्तर प्रदेश में दबिश देकर घेराबंदी की और अंत में मुख्य आरोपी विक्रम मीणा उर्फ विक्की को जयपुर से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने पूछताछ में वारदात करना कबूली जवाहर सर्किल थाना प्रभारी महेश चंद ने बताया कि पूछताछ में आरोपी विक्रम मीणा ने अपने साथी पीडी उर्फ पिंटू मीणा के साथ मिलकर वारदात करना स्वीकार किया। आरोपी ने बताया कि चोरी के माल को दोनों ने आपस में बांट लिया था। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर उसके हिस्से में आए चोरी के आभूषण और घड़ी बरामद की है। पूछताछ में आरोपी ने जयपुर शहर के अन्य थाना क्षेत्रों में भी चोरी की वारदातें करना बताया है। आरोपी पुलिस रिमांड पर है। पुलिस को उससे अन्य वारदातों के खुलासे की उम्मीद है। फरार आरोपी पीडी उर्फ पिंटू मीणा की तलाश जारी है। पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ जवाहर सर्किल और रामनगरिया थाना क्षेत्रों में चोरी व नकबजनी के मामले दर्ज हैं। उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट का मामला भी दर्ज है। जवाहर सर्किल थाना पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।