जयपुर सेंट्रल जेल में सर्विस राइफल से सीने में गोली लगने से RAC जवान की मौत हो गई। वह जेल के बाहर बने अस्थाई बैरक में लहूलुहान हालत में पड़े मिले। वे जयपुर सेंट्रल जेल में टावर पर सिक्योरिटी ड्यूटी पर तैनात थे। जेल स्टाफ ने गंभीर हालत में तुरंत उन्हें SMS हॉस्पिटल पहुंचाया। इलाज के दौरान डॉक्टर्स ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना रविवार सुबह करीब 11 बजे की है। लालकोठी थाना पुलिस ने शव को मॉर्च्युरी में रखवाया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। गोली चलने की आवाज आई, दौड़कर पहुंचे जवान SHO प्रकाश राम विश्नोई ने बताया- आरएसी की 10वीं बटालियन के कॉन्स्टेबल गिरधारी लाल (38) पुत्र शिवराज गुर्जर जमवारामगढ़ के कुशलपुरा गांव के रहने वाले थे। रविवार सुबह 9 से दोपहर 1 बजे तक उनकी ड्यूटी टावर नंबर-2 पर थी। गिरधारी सुबह मेस से खाना खाकर ड्यूटी पर गए थे। करीब 11 बजे अचानक गोली चलने की आवाज आई। हेड कॉन्स्टेबल जगत सिंह को सूचना मिली कि गिरधारी लाल टावर से गिर गए हैं। दौड़कर टावर के नीचे जाकर देखने पर अस्थाई बैरक के कोने में गिरधारी लहूलुहान हालत में पड़े थे। सर्विस राइफल से चली गोली उनके सीने में लगी थी। दो एंगल से जांच में जुटी पुलिस 1. जांच में लग रहा है कि जवान गिरधारी ने खुद को गोली मारने के लिए राइफल को जमीन पर टिकाया। राइफल के बैरल को छाती पर लगाकर ट्रिगर दबा दिया और उसके सीने में गोली लग गई। 2. वहीं, दूसरे एंगल से भी जांच की जा रही है। हो सकता है कि राइफल की सफाई करते वक्त गोली चली हो, जो सीने में लगी। पुलिस की ओर से रिपोर्ट मिलने के बाद ही स्थिति साफ होगी।