जयपुर के सेंट्रल पार्क में मॉर्निंग वॉक करती युवती के गले से सोने की चेन लूटने का मामला सामने आया है। नकाबपोश बदमाश ने अचानक युवती के गले पर झपट्‌टा मारा और चेन तोड़कर भाग गया। चेन की कीमत करीब डेढ़ लाख रुपए थी। अशोक नगर थाना पुलिस सेंट्रल पार्क में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। आरोपी की पहचान कर उसकी तलाश की जा रही है। मुंह पर रूमाल बांधकर आया था बदमाश पुलिस के अनुसार- विद्याधर नगर के गणेश पार्क निवासी 25 साल की नंदिनी आज सुबह करीब 10:30 बजे अपनी सहेली के साथ सेंट्रल पार्क गई थी। दोनों वॉक कर रही थी। इस बीच गेट नंबर-1 से करीब 100 मीटर आगे काली टी-शर्ट, काला पायजामा, सिर पर कैप और चेहरे पर रूमाल बांधकर एक युवक आया। वह युवक को रास्ता देने के लिए जैसे ही साइड हुई, आरोपी ने अचानक उसके गले पर झपट्टा मारकर सोने की चेन तोड़ ली और तेजी से दूसरी दिशा में भाग गया। गले पर आए चोट के निशान चेन छीनने के दौरान युवती के गले पर भी चोट के निशान आए है। उन्होंने बताया कि चेन की कीमत करीब 1.5 लाख रुपए है। वारदात के बाद उन्होंने बदमाश का पीछा करने की कोशिश की, लेकिन वह भाग गया। इसके बाद पुलिस को सूचना देकर मामला दर्ज करवाया। सेंट्रल पार्क की सुरक्षा पर उठे सवाल सेंट्रल पार्क में हर दिन बड़ी संख्या में लोग मॉर्निंग और इवनिंग वॉक के लिए आईएएस, आईपीएस, आरएएस अधिकारियों सहित कई लोग आते हैं। इस तरह की वारदात ने पार्क की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना के बाद नियमित रूप से पार्क आने वाले लोगों में भी चिंता का माहौल है।