इंडियन प्रीमियर लीग के मुकाबले शुरू होने से पहले राजस्थान के क्रिकेट लवर के लिए अच्छी खबर है।राजधानी जयपुर के चौंप क्षेत्र में निर्माणाधीन अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम को लेकर अब काम तेज होने की उम्मीद है। इसी कड़ी में राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन (आरसीए) की एडहॉक कमेटी और हिंदुस्तान जिंक लिमिटेड के प्रतिनिधियों के बीच महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें स्टेडियम निर्माण को फिर से शुरू करने की कार्ययोजना पर चर्चा हुई। आरसीए एडहॉक कमेटी कन्वीनर डॉ मोहित जसवंत यादव ने बताया कि बैठक में निर्माणाधीन स्टेडियम की वर्तमान स्थिति, निर्माण कार्य की गुणवत्ता और आगामी फेज की रूपरेखा पर चर्चा की गई। जिसमें आरसीए, हिंदुस्तान जिंक लिमिटेड और दूसरी सहयोगी संस्थाओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर भी सहमति बनी। उन्होंने बताया कि हिंदुस्तान जिंक के प्रतिनिधियों ने स्टेडियम निर्माण को आगे बढ़ाने के लिए सकारात्मक रुख दिखाया और हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। अब स्टेडियम निर्माण की प्रगति को तेज करने के लिए एक उच्च स्तरीय कमेटी का गठन किया जाएगा। यह कमेटी अब तक हुए निर्माण कार्य और खर्च की पूरी समीक्षा कर अपनी रिपोर्ट एडहॉक कमेटी को सौंपेगी, ताकि अगले चरण का काम जल्द शुरू किया जा सके। यादव ने बताया कि हमारी कोशिश रहेगी कि आरसीए, बीसीसीआई, हिंदुस्तान जिंक और अन्य संस्थाओं के सहयोग से इस अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम का निर्माण जल्द से जल्द पूरा किया जाए। इसके बाद राज्य के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा द्वारा इसका उद्घाटन कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह स्टेडियम तैयार होने के बाद न केवल जयपुर बल्कि, पूरे राजस्थान के क्रिकेट खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों के लिए एक बड़ी सौगात साबित होगा। जिससे राज्य में अंतरराष्ट्रीय स्तर की क्रिकेट गतिविधियों को भी तेजी मिलेगी।