‘भास्कर समाधान’ एक बार फिर नागरिक समस्याओं के त्वरित समाधान और जनसुनवाई की प्रभावी भूमिका को लेकर सुर्खियों में है। 1 से 30 जून के दौरान जयपुर से 3,306 शिकायतें पोर्टल पर प्राप्त हुईं, जिनमें से 261 समस्याओं का समाधान किया गया, जबकि 145 मामले अभी प्रगति पर हैं। इस अवधि में सबसे अधिक समाधान रोड लाइट, नालियों और कचरे से जुड़ी शिकायतों का हुआ, जिसमें नगर निगम और बिजली विभाग की सक्रिय भूमिका रही। वहीं, सड़क (PWD) विभाग से संबंधित शिकायतों का समाधान सबसे कम किया गया। इसी क्रम में मानसरोवर के महावीर नगर बी क्षेत्र में पिछले छह महीनों से बंद पड़ी रोड लाइटों को दुरुस्त कर लोगों को अंधेरे से राहत दिलाई गई। ब्रह्मपुरी के कृष्णा नगर में टूटे हुए फेरो कवर को बदलकर संभावित हादसे को टाला गया, जबकि जगतपुरा के गंगा मार्ग क्षेत्र में वर्षों पुरानी जर्जर सीवर लाइन की मरम्मत कर स्थायी समाधान किया गया। कंवर नगर में फैले कचरे को हटाकर क्षेत्र को स्वच्छ बनाया गया। इन मामलों में संबंधित विभागों ने शिकायतों पर त्वरित संज्ञान लेते हुए मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की। हालांकि, कुछ इलाकों में गिरे बिजली के पोल, पर्यटन स्थलों पर फैली गंदगी, दूषित पेयजल और सड़क निर्माण जैसी समस्याएं अब भी समाधान की प्रतीक्षा में हैं। इसके बावजूद ‘भास्कर समाधान’ नागरिकों और प्रशासन के बीच प्रभावी संवाद का माध्यम बनकर लगातार सकारात्मक बदलाव की दिशा में काम कर रहा है। (आमजन से जुड़ी जनसमस्या और शहर की जमीनी हकीकत को पोस्ट करने के लिए यहां क्लिक करें।) 'भास्कर समाधान' पर पोस्ट से मिल रहा समाधान... 6 महीने पुराना अंधेरा दूर मानसरोवर के महावीर नगर बी क्षेत्र को पिछले 6 महीने से छाए अंधेरे से मुक्ति मिल गई है। यहां के स्थानीय निवासी मनीष सैनी ने इस समस्या को 'भास्कर समाधान' पर पोस्ट करते हुए बताया था कि इलाके की रोड लाइटें पिछले आधे साल से पूरी तरह बंद पड़ी थीं, जिसके कारण पूरी गली में रात के समय गहरा अंधेरा पसरा रहता था और स्थानीय लोगों और राहगीरों को आवाजाही में भारी परेशानी के साथ-साथ सुरक्षा का डर सता रहा था। समस्या पोर्टल पर पोस्ट होने के बाद नगर निगम प्रशासन तुरंत हरकत में आया और संबंधित एक्सएन (XEN) ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल मौके पर टीम भेजकर बंद पड़ी सभी रोड लाइटों को दुरुस्त करवा दिया। अब पूरी गली रोशनी से जगमगा उठी है, जिससे क्षेत्रवासियों ने राहत की सांस ली है और त्वरित कार्रवाई के लिए दैनिक भास्कर और नगर निगम का आभार जताया है। XEN प्रदीप शर्मा बने 'स्टार अफिसर' मानसरोवर के महावीर नगर से सामने आई रोड लाइट की समस्या का समाधान करना दिया गया है। क्षेत्रवासी मनीष सैनी ने 6 महीने से बंद रोड लाइट के बारे में पोस्ट किया था। जिसपर XEN प्रदीप शर्मा ने कार्रवाई कर समाधान करवा दिया है। समाधान होने से क्षेत्र के लोगों में राहत देखी जा रही है। अंधेरे की इस समस्या के समाधान से लोग काफी खुश है। साथ ही लोगों ने प्रदीप शर्मा को आज का 'स्टार ऑफिसर' भी चुना है। 'भास्कर समाधान' के असर से टला हादसा ब्रह्मपुरी के कृष्णा नगर इलाके में लंबे समय से बना हुआ एक बड़ा खतरा टल गया है। यहां के स्थानीय निवासी हितेश व्यास ने पार्वती गैस गोदाम के पीछे वाली गली की मुख्य सड़क के ठीक बीचों-बीच नाली का फेरो कवर बुरी तरह से टूटा हुआ होने के बारे में बताया था, जिससे वहां से गुजरने वाले दुपहिया वाहनों और राहगीरों के लिए हर पल कोई गंभीर हादसा होने की आशंका बनी रहती थी। इस समस्या के प्रमुखता से सामने आने के बाद संबंधित विभाग ने त्वरित कार्रवाई की और मौके पर पहुंचकर टूटे हुए फेरो कवर को बदलकर नया मजबूत ढक्कन लगवा दिया है। 'भास्कर समाधान' पर पोस्ट के बाद विभाग ने लिया बड़ा एक्शन दैनिक भास्कर के 'भास्कर समाधान' की एक और बड़ी कामयाबी जगतपुरा के गंगा मार्ग से सामने आई है, जहां क्षेत्रवासियों को पिछले 2-3 साल से नारकीय जीवन जीने पर मजबूर होना पड़ रहा था। स्थानीय निवासी कुलदीप ने इस विकट समस्या को पोर्टल पर पोस्ट करते हुए बताया था कि इलाके में सीवर लाइन पूरी तरह डैमेज हो चुकी थी, जिसके कारण सीवर का गंदा और बदबूदार पानी लगातार मुख्य सड़क पर बह रहा था। सालों से बनी इस गंभीर समस्या की वजह से स्थानीय लोगों का पैदल चलना भी दूभर था और क्षेत्र में महामारी फैलने का खतरा बना हुआ था। लेकिन 'भास्कर समाधान' पर शिकायत पोस्ट होने के बाद संबंधित विभाग ने मामले पर तुरंत बड़ा एक्शन लिया। विभाग ने न केवल इस डैमेज लाइन को दुरुस्त किया, बल्कि इसका स्थाई समाधान भी करवा दिया है। अब सड़क से सीवर की गंदगी पूरी तरह साफ हो चुकी है, जिससे सालों बाद क्षेत्रवासियों ने बड़ी राहत की सांस ली है। कंवर नगर में साफ हुआ कचरा जयपुर के कंवर नगर इलाके में स्थानीय निवासियों को कचरे की समस्या से पूरी तरह निजात मिल गया है। यहां के निवासी अंकित ने समस्या पोस्ट करते हुए बताया था कि क्षेत्र की मुख्य सड़क पर पिछले कई दिनों से भारी मात्रा में कचरा और गंदगी बिखरी पड़ी थी। लंबे समय से पड़े इस कचरे के सड़ने के कारण पूरे इलाके में असहनीय बदबू फैल गई थी, जिससे स्थानीय लोगों का वहां रहना और राहगीरों का गुजरना मुश्किल हो गया था। 'भास्कर समाधान' पर यह मामला प्रमुखता से उजागर होने के बाद नगर निगम प्रशासन तुरंत हरकत में आया। अधिकारियों ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल सफाईकर्मियों की टीम को मौके पर भेजा और सड़क पर फैले पूरे कचरे को साफ करवाकर समस्या का स्थाई समाधान कर दिया। अभी भी कई इलाकों में समाधान की आस... हादसे को न्योता देता गिरा हुआ पोल जयपुर शहर के जवाहर नगर कच्ची बस्ती क्षेत्र की टीला नं 1 से रामेश्वर लाल बागरिया ने दैनिक भास्कर के 'भास्कर समाधान' पर समस्या पोस्ट की है। जिसमें रामेश्वर लाल ने लिखा कि पिछले दो दिनों से इलाके में सड़क के किनारे एक बिजली का पोल गिरा हुआ है, जिससे स्थानीय निवासियों और वहां से गुजरने वाले राहगीरों में हादसों का डर बना हुआ है। बिजली का यह पोल मुख्य रास्ते के ठीक बगल में होने के कारण कभी भी किसी बड़ी और अप्रिय दुर्घटना का सबब बन सकता है। विशेष रूप से रात के अंधेरे में या बच्चों और बुजुर्गों के गुजरते समय इस खुले पड़े खंभे से जान-माल का बड़ा नुकसान होने की पूरी आशंका बनी हुई है। क्षेत्रवासियों ने इस संबंध में बिजली विभाग और संबंधित अधिकारियों से तत्काल संज्ञान लेने और इस खतरनाक पोल को जल्द से जल्द वहां से हटवाकर व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की है। पर्यटन क्षेत्र में कचरे के ढेर से बढ़ी परेशानी जयपुर के ऐतिहासिक और व्यस्त इलाकों में से एक जौहरी बाजार के पितलियों का रास्ता क्षेत्र से स्थानीय निवासी दीप सिंह ने एक समस्या उठाई है। उन्होंने बताया कि पितलियों का चौक नाम की जगह पर लंबे समय से काफी मात्रा में कचरा और गंदगी बिखरी पड़ी है। यह क्षेत्र न केवल परकोटे के बीचों-बीच स्थित है, बल्कि मुख्य व्यापारिक केंद्र होने के कारण यहां रोजाना बड़ी संख्या में देशी-विदेशी पर्यटकों का भी आना-जाना लगा रहता है। ऐसे में ऐतिहासिक महत्व वाले इस गुलाबी शहर के मुख्य हिस्से में पसरी यह गंदगी न केवल स्थानीय लोगों के स्वास्थ्य के लिए खतरा पैदा कर रही है, बल्कि विश्व पटल पर जयपुर शहर की सुंदर छवि को भी बुरी तरह धूमिल कर रही है। दूषित पानी से मंडराया बीमारियों का खतरा दैनिक भास्कर के 'भास्कर समाधान' पर सोडाला के सरस्वती नगर के रहने वाले राम कुमार कारकी ने पानी की सप्लाई को लेकर एक बेहद गंभीर समस्या पोस्ट की है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में आने वाली सरकारी पानी की मुख्य लाइन में पिछले कुछ समय से नाली की तरह गंदा और काले रंग का पानी आ रहा है। इस दूषित और बदबूदार पानी की वजह से स्थानीय निवासियों के सामने पीने के पानी का बड़ा संकट खड़ा हो गया है, साथ ही इसके उपयोग से इलाके में कई गंभीर बीमारियों के फैलने का बड़ा खतरा बना हुआ है। लोगों ने PHED और संबंधित अधिकारियों से इस समस्या पर तुरंत संज्ञान लेते हुए प्रदूषित पानी की आपूर्ति रोकने की मांग की है। क्षेत्र में सड़क निर्माण करवाने की मांग झोटवाड़ा के हरनाथपुरा स्थित सीएम वाटिका कॉलोनी से रितेश शर्मा ने प्रशासन के भेदभावपूर्ण रवैये और सड़क निर्माण में बरती जा रही ढिलाई को लेकर अपनी समस्या पोस्ट की है। उन्होंने बताया कि आसपास के क्षेत्रों जैसे अशोक नगर और गणेश नगर सहित पूरे हरनाथपुरा में लगभग सभी मुख्य और संपर्क सड़कें बन चुकी हैं, लेकिन न जाने किन कारणों से सिर्फ उनकी 'CM वाटिका कॉलोनी' को सड़क निर्माण कार्य से पूरी तरह वंचित छोड़ दिया गया है। कॉलोनी में पक्की सड़क न होने के चलते पूरी सड़क धूल के गुबार, गड्ढों और पत्थरों में तब्दील हो चुकी है, जिसके कारण स्थानीय निवासियों, बुजुर्गों और स्कूल जाने वाले बच्चों को रोजाना आवाजाही में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। पब्लिक की आवाज बना ‘भास्कर समाधान’ ‘भास्कर समाधान’ सेगमेंट देशभर में इकलौता ऐसा डिजिटल प्लेटफॉर्म है, जहां शहरवासी सीधे अपने इलाके से जुड़े सिविक इश्यू खुद पोस्ट कर सकते हैं। ये सेगमेंट जनता को अपने गली-मोहल्ले की परेशानियां सीधे विभाग के उच्चाधिकारियों के सामने रखने की सुविधा देता है। लोगों से मिले जबरदस्त रिस्पॉन्स के बाद अब इसे और अधिक प्रभावी, सरल और यूजर-फ्रेंडली बनाया गया है। अब सीधे अधिकारियों तक पहुंच रहीं समस्याएं दैनिक भास्कर के इस सेगमेंट में अधिकारी भी अपने एक्शन के बारे में बता सकेंगे। शिकायत जिस विभाग से संबंधित है, वह अब सीधे उन्हीं अधिकारियों तक पहुंचेगी। इसके बाद अधिकारी उस लोकेशन को मैप पर देख सकेंगे। यदि उन्होंने समाधान कर दिया है तो शिकायतकर्ता को इसकी जानकारी एप के जरिए ही दे सकेंगे या बता सकेंगे कि अभी काम जारी है। अधिकारी चाहें तो जिस यूजर ने शिकायत की है, उसे कॉल भी कर सकते हैं। ये खबरें भी पढ़िए… भास्कर एप से समस्याओं के समाधान की ये खबरें भी पढ़िए… 1.जयपुर में अंधेरे और अतिक्रमण का संकट:जगदीश विहार में 4 दिन से बंद रोड लाइट, मालवीय नगर में अवैध पार्किंग से घरों के रास्ते हुए जाम 2.'भास्कर समाधान' पर एक पोस्ट में हल:निगम की एक्सईएन बनीं ‘स्टार ऑफिसर’, पार्क, सड़कें बदहाल, बेसहारा पशु और नियमित सफाई बड़ी समस्या 3.भास्कर समाधान: पेड़ की समस्या का हुआ समाधान:सीवर, बदहाल सड़कें और आवारा पशुओं से लोग परेशान, शिकायतों के बाद भी कई इलाकों में इंतजार 4.जयपुर में निगम उपायुक्त बनीं 'स्टार ऑफिसर':वैशाली नगर में जानलेवा टूटा ढक्कन बदला, एक महीने से खुला सीवर चैंबर दुरुस्त 5. दादी का फाटक अंडरपास बना तालाब:कनक विहार में अंधेरे का संकट; पार्षद ने दूर की वार्ड की दिक्कतें 6.जयपुर में जनता की आवाज बनीं सुर्खियां:उपायुक्त सुनील बैरवा ने कराया गड्ढे का समाधान, आदर्श नगर में 1 महीने से अटका काम हुआ पूरा 7.जयपुर के जयसिंहपुरा खोर में उफनता सीवर:जवाहर नगर में सालों से कीचड़, लाल डूंगरी के पास जर्जर श्मशान घाट और गांधी नगर में सड़क टूटी 8.जनसमस्याओं की सुनवाई से समाधान तक:जयपुर में ‘भास्कर समाधान’ बना जनता की आवाज, मनोज मुदगल को मिला ‘पब्लिक का स्टार’ का सम्मान 9.जयपुर में माविका चौराहे पर चमकी सड़कें:खातीपुरा में बेसहारा पशुओं का जमावड़ा, सांगानेर की कॉलोनी में मुख्य रोड ऊंची और गलियां नीची होने से जलभराव 10.हनुमान वाटिका में 1 साल से टूटी रोड:मानसरोवर में बीच सड़क पर गैस पाइपलाइन का टैंक, पानी के संकट पर पार्षद शिव सोनी ने लिया एक्शन