जयपुर कमिश्नरेट की CST ने IPL क्रिकेट मैच पर गुरुवार रात करोड़ों रुपए का सट्टा पकड़ा है। मालपुरा गेट इलाके में स्थित एक कपड़ा फैक्ट्री में बुकी ने क्रिकेट सट्‌टे का अवैध कारोबार डाल रखा था। पुलिस टीम ने दबिश देकर फैक्ट्री ऑनर सहित 6 सटोरियों को अरेस्ट किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बड़ी संख्या में सट्टा डिवाइस, गाड़ी व करोड़ों रुपए के हिसाब के रजिस्टर जब्त किए है। स्पेशल कमिश्नर ओमप्रकाश की ओर IPL क्रिकेट मैच पर सट्टे के अवैध कारोबार को लेकर कार्रवाई की गई। जयपुर कमिश्नरेट की CST ने मुखबिर की सूचना पर मालपुरा गेट इलाके में माल की ढाणी स्थित एक कपड़ा फैक्ट्री पर गुरुवार रात दबिश दी। फैक्ट्री की तीसरी मंजिल पर बने कमरे में क्रिकेट सट्टे को लेकर अवैध गतिविधियां मिली। पुलिस ने रेड डालकर क्रिकेट सट्टा लगाते मिले फैक्ट्री ऑनर मनोहर, बुकी उत्तम सैनी, राजेन्द्र, रूपल बंसल, देवेंद्र और विकास नागर को धर-दबोचा। जिसके कब्जे से 21 मोबाइल, 4 लेपटॉप, 1 स्कॉर्पियों, 3 स्कूटी-बाइक व करोड़ों रुपए के हिसाब-किताब के 6 रजिस्टर बरामद किए गए। CST के SI संदीप बसेरा, ASI कमल डागर व कॉन्स्टेबल कुमेर गुर्जर की कार्रवाई में अहम भूमिका रही। पूछताछ में सामने आया है कि मालवीय नगर के बड़े बुकी अशोक गुप्ता की जूम आईडी से लाइन चला रहे थे। पिछले काफी समय से कपड़ा फैक्ट्री में अवैध क्रिकेट सट्‌टे का कारोबार चला रखा था। जिसमें बुकी उत्तम सैनी और फैक्ट्री ऑनर मनोहर बराबर के पार्टनर है। पकड़े सटोरियों से पूछताछ में कई अहम खुलासे होने की संभावना जताई गई है।