जयपुर में दो युवकों द्वारा मिलकर अपनी एक्स-गर्लफ्रेंड से मारपीट करने और उसके कपड़े फाड़ने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि युवती ने दोनों युवकों के परेशान करने और मारपीट से तंग आकर उनसे दूरी बना ली थी। युवती के एक-दूसरे को छोड़ने की बात से नाराज दोनों युवकों ने कथित तौर पर एकजुट होकर उससे बदला लेने की कोशिश की। पुलिस ने पीड़ित कॉलेज छात्रा की शिकायत पर निर्वस्त्र कर मारपीट का मामला दर्ज किया। पुलिस ने मामले में एक आरोपी को अरेस्ट किया है, जबकि दूसरा आरोपी फरार चल रहा है। साथ पढ़ने वाले स्टूडेंट से हुई थी दोस्ती थानाधिकारी ने बताया- जयपुर में रहने वाली 23 साल की युवती एक प्राइवेट कॉलेज की स्टूडेंट है। आरोप है कि उसकी दोस्ती कॉलेज में पढ़ने वाले एक युवक से हुई थी। दोस्ती बढ़ने के बाद दोनों साथ रहने लगे,लेकिन कुछ समय बाद युवक कथित तौर पर उसके साथ मारपीट और परेशान करने लगा। इससे तंग आकर युवती ने उससे दूरी बना ली। इस दौरान दूसरे लड़के से नजदीकियां बढ़ने पर वह उसके साथ चली गई। कुछ दिनों बाद दूसरा दोस्त भी परेशान करने लगा। टॉर्चर बढ़ने पर उसने दूसरे लड़के को भी छोड़ दिया। दोनों स्टूडेंट्स ने बदला लेने की योजना बनाई पुलिस के मुताबिक, दोनों स्टूडेंट्स को जब पता चला कि युवती ने उन्हें छोड़ दिया है, तो वे कथित तौर पर नाराज हो गए। दोनों ने आपस में मिलकर युवती से बदला लेने की योजना बनाई। 14 जुलाई को कॉलेज जाते समय युवती को देखकर दोनों आरोपियों ने उसे पकड़ लिया। आरोप है कि दोनों ने उसके साथ मारपीट की और उसके कपड़े फाड़ दिए। मौके पर लोगों की भीड़ जुटने पर दोनों आरोपी वहां से फरार हो गए। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने निवस्त्र कर मारपीट का मामला दर्ज किया। पुलिस ने दबिश देकर सोमवार तड़के एक आरोपी को धर-दबोचा, जबकि फरार दूसरे आरोपी की तलाश की जा रही है।