दिल्ली में NSUI की राष्ट्रीय सचिव रितु बराला के साथ हुई मारपीट और अभद्रता के विरोध में श्रीगंगानगर कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने जयपुर पुलिस कमिश्नर कार्यालय के बाहर धरना देकर विरोध-प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने जीरो नंबर FIR दर्ज करने की मांग को लेकर नारेबाजी की। जिला प्रमुख दुलाराम मेघवाल ने कहा कि जब तक जीरो FIR दर्ज नहीं होती, तब तक धरना जारी रहेगा। मेघवाल ने कहा-रितु बराला के मामले में जीरो FIR दर्ज नहीं करना महिला सुरक्षा और कानून के राज पर गंभीर सवाल खड़े करता है। कांग्रेस न्याय की मांग को लेकर जयपुर पहुंची है। लड़ाई केवल एक बेटी को न्याय दिलाने तक सीमित नहीं है, बल्कि राजस्थान की बेटियों के सम्मान और सुरक्षा से भी जुड़ी है। उन्होंने भाजपा सरकार से मामले में जवाबदेही तय करने की मांग की। दोषियों की जवाबदेही तय होने तक आंदोलन जारी रखने की चेतावनी मेघवाल ने कहा - महिला सुरक्षा, संवैधानिक अधिकारों और न्याय के मुद्दे पर राजस्थान कांग्रेस के कार्यकर्ता एकजुट हैं। चेतावनी दी कि दोषियों की जवाबदेही तय होने तक कांग्रेस लोकतांत्रिक तरीके से अपना आंदोलन जारी रखेगी। धरने में जिला कांग्रेस कमेटी हनुमानगढ़ के जिलाध्यक्ष मनीष मक्कासर, युवा कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष अभिषेक चौधरी, श्रीकरणपुर के पूर्व पार्षद जगदीश इंदलिया और पंचायत समिति सदस्य राजेंद्र नायक सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।