जयपुर के नरेंद्र सिंह खर्रा और उनकी पत्नी मोनिका सिंह खर्रा ने फ्रांस में आयरनमैन टूर्स-2026 को पूरा किया। इस उपलब्धि के साथ नरेंद्र और मोनिका जयपुर के पहले आयरनमैन कपल बन गए हैं। आयरनमैन प्रतियोगिता में खिलाड़ियों को एक दिन में 3.8 किलोमीटर ओपन वॉटर स्विमिंग, 180 किमी साइकिलिंग और 42.2 किमी मैराथन निर्धारित समय सीमा में पूरी करनी होती है। यह प्रतियोगिता 14 जून को फ्रांस के लॉयर वैली में आयोजित हुई थी। इस प्रतियोगिता का कटऑफ समय 16 घंटे था। वहीं नरेंद्र सिंह और मोनिका ने 15 घंटे 38 मिनट में फिनिश लाइन पार कर आयरनमैन का खिताब जीता। वहीं राजस्थान के प्रतिभागियों में राजेंद्र भास्कर ने यह आयरनमैन रेस 10 घंटे 6 मिनट में पूरी की। इसमें अमित भसीन और सुरेंद्र तलेरा ने सपोर्ट किया। जानकारी के अनुसार इस आयरनमैन प्रतियोगिता में 60 देशों के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था। कुल 2700 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था। इसमें 150 खिलाड़ी रेस पूरा नहीं कर पाए। 2017 में राजस्थान के पहले आयरनमैन बने थे नरेंद्र सिंह फ्रांस में आयोजित प्रतियोगिता में इन खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने के लिए जयपुर से 15 परिजन और मित्र पहुंचे थे। नरेन्द्र सिंह खर्रा साल 2017 में राजस्थान के पहले आयरनमैन बने थे। उनकी प्रेरणा से मोनिका ने ट्रायथलॉन की शुरुआत की। वर्ष 2018 में जयपुर में आयोजित प्रतियोगिता में राजस्थान की पहली महिला हाफ आयरनमैन बनने का गौरव प्राप्त किया था। खर्रा परिवार के बेटे रुद्र सिंह खर्रा 10 मीटर एयर राइफल की अंतरराष्ट्रीय टीम चयन ट्रायल में हिस्सा ले रहे हैं। वहीं राष्ट्रीय कराटे कांस्य पदक विजेता हैं और बेटी वेरोनिका खर्रा राष्ट्रीय कराटे स्वर्ण पदक विजेता हैं। दोनों ने फ्रांस में आयोजित आयरनकिड्स प्रतियोगिता में हिस्सा लिया था।