जयपुर पुलिस कमिश्नरेट की सीएसटी टीम ने ऑपरेशन “क्लीन स्वीप” के तहत भारी मात्रा में अवैध मादक पदार्थ बरामद कर एक नाइजीरियन नागरिक को गिरफ्तार किया है। मंगलवार को यह कार्रवाई शिप्रापथ पुलिस थाना क्षेत्र में की गई। पुलिस के अनुसार सीएसटी और शिप्रापथ थाना पुलिस की संयुक्त टीम को सूचना मिली थी कि होटल गंगा श्रेय इन, एसएफएस मानसरोवर के बाहर एक संदिग्ध नाइजीरियन व्यक्ति अवैध मादक पदार्थ के साथ मौजूद है। जिसके बाद टीम ने घेराबंदी करके आरोपी को पकड़ा। आरोपी यहां डिलीवरी के लिए ग्राहक का इंतजार कर रहा था। इसी दौरान पुलिस टीम ने कार्रवाई की। 102 ग्राम कोकीन जब्त सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी तोचुक्वू डेवीड TOCHUKWU DAVID (44) निवासी अनाम्ब्रा स्टेट, नाइजीरिया को गिरफ्तार किया। वर्तमान में आरोपी दिल्ली में रह रहा था। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 102 ग्राम कोकीन और 17 ग्राम मेथामफेटामाइन (एमडी) बरामद की गई। बरामद मादक पदार्थों की अनुमानित कीमत करीब 55 लाख रुपए बताई जा रही है। पुलिस पूछताछ में कई खुलासे हुए है। आरोपी जयपुर के कॉलेजों और विश्वविद्यालय में पढ़ रहे नाइजीरिया स्टूडेंट्स के संपर्क में था। इन्हीं के जरिए वह स्थानीय स्टूडेंट सर्किट में ड्रग्स खपाने की साजीश रच रहा था। वह दिल्ली और चंढ़िगढ़ से मादक पदार्थ यहां लाकर ऊंचे दामों में बेचता था। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी का वीजा काफी समय पहले ही एक्सपायर हो चुका है। इसके बावजूद वह भारत में रहकर अवैध रूप से तस्करी कर रहा था। पूरे नेटवर्क का हो सकता है खुलासा पुलिस ने आरोपी के खिलाफ NDPS Act के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी जयपुर में किस नेटवर्क के माध्यम से मादक पदार्थों की सप्लाई कर रहा था और इसके पीछे और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं।