जयपुर की होटल में ठहरे एक युवक से साइबर फ्रॉड का मामला सामने आया है। साइबर अपराधियों ने बैंक अकाउंट हैक करके 6 लाख रुपए निकाल लिए। आजकल फ्रॉड ज्यादा होने की कहकर युवक से बैंक अकाउंट्स की डिटेल ली गई थी। सिंधी कैंप थाना पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर आईटी एक्ट के तहत FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने बताया- बीकानेर के गजनेर निवासी सतवीर उपाध्याय (37) के साथ साइबर फ्रॉड हुआ है। वह अपने किसी काम से जयपुर आकर सिंधी कैंप इलाके में स्थित होटल में ठहरे थे। होटल में रुकने के दौरान उसके मोबाइल पर एक युवक का कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को बैंक अफसर बताया। कहा- आजकल फ्रॉड ज्यादा हो रहा है। बातों में लेकर उसके बैंक अकाउंट्स के बारे में डिटेल ले ली। कुछ ही देर में डिटेल लिए चारों बैंक अकाउंट्स से टोटल 6 लाख रुपए निकाल लिए। मोबाइल पर मैसेज आने पर पीड़ित को साइबर फ्रॉड का पता चला। सिंधी कैंप थाने में पीड़ित की ओर से रिपोर्ट दर्ज करवाई गई है। घटना 23 अप्रैल की है। पीड़ित ने बीकानेर पहुंचकर पहले लोकल थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। वहां से केस ट्रांसफर होकर 29 अप्रैल को जयपुर आया।