राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर (आरआईसी) में चल रही 29वीं नेशनल कॉन्फ्रेंस ऑन ई-गवर्नेंस के दूसरे और अंतिम दिन गुरुवार को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) आधारित स्मार्ट पुलिसिंग और डिजिटल गवर्नेंस के भविष्य पर मंथन होगा। सम्मेलन में देशभर के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, पुलिस अधिकारी, तकनीकी विशेषज्ञ और उद्योग जगत के प्रतिनिधि एआई के जरिए पुलिस व्यवस्था को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और तकनीक-सक्षम बनाने के मॉडल साझा करेंगे। कॉन्फ्रेंस के दूसरे दिन केंद्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी तथा पृथ्वी विज्ञान राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं प्रधानमंत्री कार्यालय, परमाणु ऊर्जा विभाग, अंतरिक्ष विभाग तथा कार्मिक, लोक शिकायत एवं पेंशन राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। समापन समारोह में ई-गवर्नेंस 2026 राष्ट्रीय पुरस्कारों का वितरण भी किया जाएगा। एआई इन पुलिसिंग रहेगा मुख्य आकर्षण कॉन्फ्रेंस के दूसरे दिन 'एआई इन पुलिसिंग' सेशन सबसे प्रमुख आकर्षण रहेगा। इसमें विशेषज्ञ बताएंगे कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की मदद से अपराधों की रोकथाम, जांच, निगरानी, ट्रैफिक प्रबंधन, साइबर अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को किस तरह अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है। साथ ही पुलिसिंग में डेटा एनालिटिक्स, प्रिडिक्टिव टेक्नोलॉजी और स्मार्ट सर्विलांस के उपयोग पर भी चर्चा होगी। डिजिटल गवर्नेंस के नए मॉडल पर होगी चर्चा सम्मेलन में डेटा आधारित निर्णय प्रणाली, सुरक्षित डिजिटल गवर्नेंस, नागरिक सेवाओं में तकनीक के उपयोग, साइबर सुरक्षा, डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर और नवाचार जैसे विषयों पर विभिन्न तकनीकी सत्र आयोजित किए जाएंगे। विशेषज्ञ विकसित भारत-2047 के विजन को साकार करने में डिजिटल तकनीकों की भूमिका पर अपने विचार साझा करेंगे। ई-गवर्नेंस पुरस्कारों का होगा वितरण दूसरे दिन ई-गवर्नेंस 2026 राष्ट्रीय पुरस्कारों का वितरण किया जाएगा। विभिन्न राज्यों, केंद्रीय मंत्रालयों और सरकारी संस्थानों को डिजिटल नवाचार, नागरिक सेवाओं में सुधार और तकनीक आधारित सुशासन के लिए सम्मानित किया जाएगा। देशभर से जुटे प्रतिनिधि दो दिवसीय सम्मेलन में 80 से अधिक केंद्रीय मंत्रालयों और विभागों, 28 राज्यों तथा 8 केंद्र शासित प्रदेशों के प्रतिनिधि भाग ले रहे हैं। सम्मेलन के दौरान विभिन्न तकनीकी प्रदर्शनों और अनुभव साझा करने के माध्यम से डिजिटल गवर्नेंस के सफल मॉडलों पर भी चर्चा की जा रही है।