भरतपुर से कांग्रेस के सांसद रहे रतन सिंह ने एक्सईएन बेटे राजेंद्र की जहर देकर हत्या की आशंका जताई है। उन्होंने 29 सितंबर को जयपुर के जवाहर सर्किल थाना में बहू नीतू सिंह, पोते सौरव सिंह सहित 5 लोगों के खिलाफ हत्या, सबूत मिटाने की एफआईआर दर्ज कराई थी। इस शिकायत की जानकारी आज सामने आई है। रिपोर्ट के अनुसार राजेंद्र सिंह 11 सितंबर को मालवीय नगर में अपने घर में बेसुध मिले थे। उनके होंठ नीले पड़ गए थे। शक है कि उन्हें कोई जहर दिया गया था। पूर्व सांसद का आरोप है कि बहू ने ये साजिश बेटे की नौकरी और प्रॉपर्टी हड़पने के लिए रची थी। हालांकि, नीतू सिंह के पिता विमल ने पूर्व सांसद के इन आरोपों को बेबुनियाद बताया है। सबसे पहले जानिए- क्या है पूरा मामला 6-7 साल अलग रहे, फिर विवाद बढ़ा: रतन सिंह के अनुसार, राजेंद्र प्रताप सिंह की शादी 11 मई 2005 को नीतू सिंह से हुई थी। दोनों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। राजेंद्र ने पारिवारिक न्यायालय में तलाक का मामला भी दायर किया था। शिकायत के मुताबिक, नीतू और सौरव करीब 6-7 साल तक अलग रहने के बाद मई 2026 से राजेंद्र के साथ रहने लगे थे। इसके बाद घर और पैसों को लेकर विवाद बढ़ने लगा। बहू और पोते पर बेटे ने दी जान से मारने की धमकी: एफआईआर में आरोप लगाया गया है कि 4 सितंबर को नीतू और सौरव ने राजेंद्र के साथ पैसों और मकान को लेकर विवाद किया था। उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी थी। राजेंद्र ने परिवार के अन्य सदस्यों को भी अपने साथ हो रहे विवाद और धमकियों के बारे में बताया था। रतन सिंह ने नीतू के पिता और भाइयों पर भी फोन के जरिए धमकी देने का आरोप लगाया है। घर के CCTV कैमरे तोड़ने का भी दावा: पूर्व सांसद ने आरोप लगाया है कि 4 और 5 सितंबर को घर में लगे सीसीटीवी कैमरे तोड़ दिए गए। उनका दावा है कि ऐसा हत्या से जुड़े साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से किया गया। शिकायत में घर के डीवीआर में वारदात से संबंधित महत्वपूर्ण साक्ष्य मौजूद होने की बात भी कही गई है। बहू के पिता ने आरोपों को बताया झूठा नीतू के पिता विमल ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि राजेंद्र के परिजन संपत्ति हड़पने के उद्देश्य से झूठा मुकदमा दर्ज करवा रहे हैं। उनका दावा है कि उनके पास अपने पक्ष में कई सबूत और वीडियो फुटेज मौजूद हैं। विमल ने यह भी आरोप लगाया कि उनकी बेटी को घर से बाहर निकाल दिया गया है। जवाहर सर्किल थानाधिकारी महेश चंद्र के अनुसार रतन सिंह की शिकायत के आधार पर परिजनों, पड़ोसियों और ससुराल पक्ष के लोगों से पूछताछ भी की गई है। --- ये खबर भी पढ़ें… पूर्व-विधायक का पीछा करते हुए घर में घुसी थी भीड़:अतर सिंह का सिर फोड़ा, शरीर के हर हिस्से पर वार; घर जलाया, पत्नी पर भी हमला राजस्थान में पूर्व विधायक और बीजेपी नेता अतर सिंह भड़ाना (68) की हत्या को लेकर अब तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई हैं। क्रेशर प्लांट में लगे 20 सीसीटीवी के फुटेज भी अब तक पुलिस को नहीं मिले हैं। (पूरी खबर पढ़ें)