जयपुर में होने वाले VIP/VVIP मूवमेंट के कारण जयपुरिया अस्पताल प्रशासन परेशान है। वीआईपी/वीवीआईपी मूवमेंट के दौरान मेडिकल टीम और एम्बुलेंस की ड्यूटी लगाने को लेकर अस्पताल के अधीक्षक डॉ. जीवराज सिंह ने गुरुवार को जयपुर CMHO डॉ. मनीष मित्तल (द्वितीय) को लेटर लिखा है। चीफ मेडिकल एंड हेल्थ ऑफिसर (CMHO) को लेटर में कहा गया है कि- अगर एक दिन में एक से ज्यादा VIP/VVIP के आते हैं तो केवल एक ही वीआईपी/वीवीआईपी के लिए हॉस्पिटल की तरफ से मेडिकल टीम और एंबुलेंस की व्यवस्था की जा सकेगी। जबकि अन्य के लिए इसकी व्यवस्था किसी दूसरे हॉस्पिटल से करने के लिए कहा है। एक ही वीआईपी के लिए ड्यूटी की व्यवस्था की जा सकेगी जयपुरिया हॉस्पिटल के अधीक्षक डॉ. जीवराज सिंह राठौड ने लेटर में लिखा- जयपुर में वीआईपी/वीवीआईपी के दौरे पर आपकी तरफ से मेडिकल टीम, एंबुलेंस और संबंधित वीआईपी व्यक्ति के ब्लड ग्रुप का ब्लड उपलब्ध करवाने के लिए आदेश जारी होते हैं। कई बार ऐसा होता है कि एक दिन में एक से ज्यादा वीआईपी/वीवीआईपी के दौरे होते हैं। तो उस स्थिति में केवल एक ही वीआईपी के लिए ड्यूटी की व्यवस्था की जा सकेगी, जबकि अन्य वीआईपी के लिए एंबुलेंस और मेडिकल स्टाफ की व्यवस्था नहीं हो पाएगी। लेकिन दूसरे वीआईपी के लिए केवल ब्लड की व्यवस्था की जा सकेगी। मेडिकल टीम और एंबुलेंस की व्यवस्था किसी दूसरे हॉस्पिटल से करवाने का कष्ट करें। पूर्व अधीक्षक के पत्र का दिया हवाला मौजूदा अधीक्षक डॉ. जीवराज सिंह ने इस पत्र के साथ तत्कालीन अधीक्षक डॉ. महेश मंगल के मई 2025 में लिखे पत्र का भी ज़िक्र किया। इस पत्र में भी एक से अधिक वीआईपी/वीवीआईपी के मूवमेंट पर मेडिकल टीम और एंबुलेंस की व्यवस्था करने में असमर्थता जताई गई थी। इस पत्र में बताया गया कि हॉस्पिटल में हर रोज ओपीडी, आईपीडी में 3 हजार मरीजों का मूवमेंट रहता है। इसके अलावा, यहां इमरजेंसी और ट्रोमा सेंटर 24 घंटे और सप्ताह में सातों दिन संचालित होते हैं। ऐसे में कई बार एक से ज़्यादा गंभीर मरीज आते हैं, तो उनको उच्च स्तर के इलाज के लिए एंबुलेंस और मेडिकल टीम की मदद से एसएमएस या दूसरे हॉस्पिटल रेफर करना पड़ता है। मामले पर अधीक्षक डॉ. जीवराज सिंह ने कहा- हमारे यहां डॉक्टरों की बहुत कमी है। इसलिए मेडिकल टीम किसी दूसरे हॉस्पिटल, PHC, CHC से अरेंज करने का आग्रह किया है। हम ब्लड उपलब्ध करवा देंगे।