जयपुर में ग्रेट इंडियन ट्रैवल बाजार (जीआईटीबी) के 15वें संस्करण की शुरुआत हुई। होटल जयमहल पैलेस में सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ तीन दिवसीय जीआईटीबी का रविवार से उद्घाटन हुआ। समारोह के दौरान राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, केरल, छत्तीसगढ़ समेत अलग-अलग राज्यों के कलाकारों ने लोक संस्कृति को दर्शाता हुआ परफार्मेंस दिया। इसमें देश-विदेश से पर्यटन उद्योग से जुड़े प्रतिनिधि शामिल हुए। वहीं सीतापुरा स्थित जयपुर एग्जीबिशन एंड कन्वेंशन सेंटर में 27 और 28 अप्रैल को एग्जीबिशन आयोजित होगी। इसमें पर्यटन कारोबार को बढ़ावा दिया जाएगा। कार्यक्रम में विदेशी टूर ऑपरेटर्स, होटल समूह, पर्यटन बोर्ड और ट्रैवल कंपनियां हिस्सा लेकर नए व्यापारिक अवसर तलाशेंगी। उद्घाटन सत्र में उप मुख्यमंत्री दीया कुमारी मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहीं। कार्यक्रम में पर्यटन विभाग, उद्योग जगत और विभिन्न संस्थाओं से जुड़े अधिकारी और प्रतिनिधि भी शामिल हुए। 50 से ज्यादा देशों के टूर ऑपरेटर्स पहुंचे इस ट्रैवल बाजार में 50 से अधिक देशों के विदेशी टूर ऑपरेटर्स खरीदार के रूप में हिस्सा ले रहे हैं। विदेशी प्रतिनिधि भारतीय पर्यटन स्थलों, होटल और यात्रा सेवाओं की जानकारी ले रहे हैं। यहां देशभर के पर्यटन बोर्ड, होटल, रिसॉर्ट और ट्रैवल कंपनियां अपने उत्पाद और सेवाएं प्रदर्शित करेंगी। 10 हजार से ज्यादा बिजनेस मीटिंग्स होंगी आयोजन के दौरान खरीदार और विक्रेताओं के बीच 10 हजार से ज्यादा बिजनेस मीटिंग्स तय की गई हैं। इन बैठकों के जरिए नए व्यापारिक समझौते और पर्यटन क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने की कोशिश होगी। कई राज्यों के पर्यटन बोर्ड भी शामिल राजस्थान के अलावा ओडिशा, मध्य प्रदेश, तमिलनाडु, गोवा, उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़ और पंजाब सहित कई राज्यों के पर्यटन बोर्ड आयोजन में हिस्सा ले रहे हैं। सभी राज्य अपने पर्यटन स्थलों और सुविधाओं को प्रदर्शित कर रहे हैं। पर्यटन विभाग और फिक्की मिलकर कर रहे आयोजन इस आयोजन को राजस्थान पर्यटन विभाग, भारत सरकार के पर्यटन मंत्रालय और फेडरेशन ऑफ इंडियन चैम्बर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री मिलकर आयोजित कर रहे हैं। पर्यटन और होटल उद्योग से जुड़ी कई संस्थाओं का भी सहयोग मिल रहा है।