जयपुर में उप मुख्यमंत्री दीया कुमारी ने कहा- पर्यटक पहले बड़े शहरों में आते हैं, लेकिन अब सरकार नए टूरिस्ट डेस्टिनेशन विकसित करने पर ध्यान दे रही है। इससे पर्यटक बार-बार राजस्थान आएंगे और अलग-अलग जगहों को देखेंगे। इसके लिए सुविधाओं, स्थानीय अनुभव और नए पर्यटन स्थलों पर काम किया जा रहा है। ग्रेट इंडियन ट्रैवल बाजार (जीआईटीबी) के 15वें संस्करण की शुरुआत में उप मुख्यमंत्री दीया कुमारी ने यह कहा। होटल जयमहल पैलेस में सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ तीन दिवसीय जीआईटीबी का रविवार से उद्घाटन हुआ। समारोह के दौरान राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, केरल, छत्तीसगढ़ समेत अलग-अलग राज्यों के कलाकारों ने लोक संस्कृति को दर्शाता हुआ परफार्मेंस दिया। इसमें देश-विदेश से पर्यटन उद्योग से जुड़े प्रतिनिधि शामिल हुए। वहीं सीतापुरा स्थित जयपुर एग्जीबिशन एंड कन्वेंशन सेंटर में 27 और 28 अप्रैल को एग्जीबिशन आयोजित होगी। इसमें पर्यटन कारोबार को बढ़ावा दिया जाएगा। कार्यक्रम में विदेशी टूर ऑपरेटर्स, होटल समूह, पर्यटन बोर्ड और ट्रैवल कंपनियां हिस्सा लेकर नए व्यापारिक अवसर तलाशेंगी। उद्घाटन समारोह में उप मुख्यमंत्री दीया कुमारी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। कार्यक्रम में मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास सहित पर्यटन विभाग, भारत सरकार और टूरिज्म इंडस्ट्री से जुड़े कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। 50 से ज्यादा देशों के टूर ऑपरेटर्स पहुंचे इस ट्रैवल बाजार में 50 से अधिक देशों के विदेशी टूर ऑपरेटर्स खरीदार के रूप में हिस्सा ले रहे हैं। विदेशी प्रतिनिधि भारतीय पर्यटन स्थलों, होटल और यात्रा सेवाओं की जानकारी ले रहे हैं। यहां देशभर के पर्यटन बोर्ड, होटल, रिसॉर्ट और ट्रैवल कंपनियां अपने उत्पाद और सेवाएं प्रदर्शित करेंगी। 10 हजार से ज्यादा बिजनेस मीटिंग्स होंगी आयोजन के दौरान खरीदार और विक्रेताओं के बीच 10 हजार से ज्यादा बिजनेस मीटिंग्स तय की गई हैं। इन बैठकों के जरिए नए व्यापारिक समझौते और पर्यटन क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने की कोशिश होगी। कई राज्यों के पर्यटन बोर्ड भी शामिल राजस्थान के अलावा ओडिशा, मध्य प्रदेश, तमिलनाडु, गोवा, उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़ और पंजाब सहित कई राज्यों के पर्यटन बोर्ड आयोजन में हिस्सा ले रहे हैं। सभी राज्य अपने पर्यटन स्थलों और सुविधाओं को प्रदर्शित कर रहे हैं। पर्यटन विभाग और फिक्की मिलकर कर रहे आयोजन इस आयोजन को राजस्थान पर्यटन विभाग, भारत सरकार के पर्यटन मंत्रालय और फेडरेशन ऑफ इंडियन चैम्बर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री मिलकर आयोजित कर रहे हैं। पर्यटन और होटल उद्योग से जुड़ी कई संस्थाओं का भी सहयोग मिल रहा है। टूरिज्म को दोगुना करने की दिशा में काम उद्घाटन समारोह में दीया कुमारी ने कहा- मौजूदा वैश्विक परिस्थितियों के बावजूद 150 से ज्यादा टूर ऑपरेटर्स का आयोजन में शामिल होना यह दिखाता है कि टूरिज्म सेक्टर के प्रति लोगों की प्रतिबद्धता मजबूत है। दीया कुमारी ने कहा- प्रधानमंत्री के विजन के अनुसार टूरिज्म सेक्टर को दोगुना करने और उसके आर्थिक प्रभाव को बढ़ाने की दिशा में काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा- अगले 10 साल इस क्षेत्र के लिए अहम काम होंगे। उनका कहना था कि देश की अर्थव्यवस्था में टूरिज्म की भूमिका लगातार बढ़ रही है और आने वाले समय में यह रोजगार और निवेश का बड़ा माध्यम बनेगा। दीया कुमारी ने कहा- लोग केवल राजस्थान देखने नहीं आते, बल्कि यहां की संस्कृति, खान-पान, लोगों और माहौल को महसूस करने आते हैं। इसलिए पर्यटन को केवल दर्शनीय स्थलों तक सीमित नहीं रखा जा सकता। राज्य में ऐसे अनुभव विकसित किए जा रहे हैं, जिससे पर्यटक राजस्थान की परंपरा और जीवनशैली से जुड़ाव महसूस कर सकें। महिला पर्यटकों की सुरक्षा सरकार की प्राथमिकता दीया कुमारी ने कहा- राज्य में आने वाले पर्यटकों, खासकर महिला पर्यटकों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। प्रमुख पर्यटन स्थलों पर सीसीटीवी कैमरे, विशेष पुलिस व्यवस्था और सुरक्षा सुविधाएं बढ़ाई जा रही हैं। सरकार का प्रयास है कि पर्यटक बिना किसी परेशानी के राजस्थान की यात्रा कर सकें और उन्हें सुरक्षित माहौल मिले।