फिटनेस, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश लेकर आधार प्राइम ग्रीनफिट हाफ मैराथन–सीजन 3 का आयोजन 27 सितंबर को जयपुर के विद्याधर नगर स्थित सन एंड मून कॉम्प्लेक्स से किया जाएगा। इस वर्ष मैराथन में 10 हजार से अधिक रनर्स के शामिल होने की उम्मीद है। आयोजन के लिए अब तक 8,500 से अधिक पंजीकरण हो चुके हैं। मैराथन की थीम ‘रन फॉर ग्रीनर अर्थ’ रखी गई है। ग्रीनफिट फाउंडेशन के संस्थापक वीरेंद्र सिंह ने बताया कि इस बार आयोजन में जयपुर नगर निगम की भी महत्वपूर्ण सहभागिता रहेगी। मैराथन को फिटनेस के साथ स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण से जोड़ते हुए इसे ‘स्वस्थ भारत, हरित भारत, स्वच्छ भारत-एक जन आंदोलन’ के संदेश के साथ आयोजित किया जा रहा है। चार श्रेणियों में होगी दौड़ मैराथन में अलग-अलग आयु और क्षमता के प्रतिभागियों को ध्यान में रखते हुए चार श्रेणियां रखी गई हैं। इनमें 21 किलोमीटर टाइम्ड हाफ मैराथन, 10 किलोमीटर और 5 किलोमीटर टाइम्ड रन और 3 किलोमीटर फन रन शामिल हैं। विभिन्न श्रेणियों के विजेताओं के लिए 2.55 लाख रुपए से अधिक की पुरस्कार राशि रखी गई है। मैराथन के लिए रिपोर्टिंग और फ्लैग ऑफ 27 सितंबर की सुबह 5:30 बजे होगा। आयोजन में प्रोफेशनल रनर्स के साथ सेना के जवान, कॉरपोरेट टीम, विद्यार्थी, महिलाएं, बच्चे, वरिष्ठ नागरिक और रनिंग कम्युनिटी के सदस्य भी हिस्सा लेंगे। 400 से अधिक वॉलंटियर्स संभालेंगे व्यवस्थाएं बड़ी संख्या में प्रतिभागियों को देखते हुए आयोजन स्थल से लेकर पूरे रूट पर व्यापक व्यवस्थाएं की जा रही हैं। इसके लिए 400 से अधिक वॉलंटियर्स तैनात रहेंगे। इनके साथ मेडिकल टीम, फिजियोथेरेपिस्ट, रूट मार्शल और हाइड्रेशन टीम भी मौजूद रहेगी। रन के दौरान प्रतिभागियों के लिए विभिन्न स्थानों पर पानी और एनर्जी ड्रिंक की व्यवस्था रहेगी। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए मेडिकल सहायता भी उपलब्ध कराई जाएगी। प्रतिभागियों को दौड़ से संबंधित आवश्यक सामग्री में टी-शर्ट, बिब और टाइमिंग चिप दी जाएगी। ग्रीनफिट मैराथन को केवल एक दिन की दौड़ के बजाय तीन दिवसीय फिटनेस उत्सव के रूप में आयोजित किया जा रहा है। 25 और 26 सितंबर को बिब एक्सपो, रनिंग किट वितरण और विभिन्न पार्टनर एक्टिवेशन होंगे। इसके जरिए प्रतिभागियों को मैराथन से पहले आयोजन और फिटनेस से जुड़ी गतिविधियों से जोड़ा जाएगा। ग्रीनफिट फाउंडेशन के संस्थापक वीरेंद्र सिंह के अनुसार आयोजन का उद्देश्य लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के साथ स्वच्छ और हरित भविष्य के प्रति जागरूक करना है। आयोजन स्थल और मैराथन रूट पर स्वच्छता व्यवस्था में जयपुर नगर निगम की सहभागिता रहेगी। मैराथन में शामिल होने वाले प्रतिभागियों को स्वास्थ्य, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण की सामूहिक शपथ भी दिलाई जाएगी। इस तरह दौड़ को केवल फिटनेस गतिविधि के रूप में नहीं, बल्कि पर्यावरण और स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता अभियान के रूप में भी जोड़ा गया है।