जयपुर नगर निगम 9 मई को रात के अंधेरे में परकोटा और हेरिटेज क्षेत्र में बड़े स्तर पर सफाई अभियान चलाने जा रहा है। ‘ऑपरेशन क्लीन स्वीप’ के तहत करीब 2 हजार सफाईकर्मी पूरी रात सड़कों, बाजारों और सार्वजनिक स्थलों की सफाई करेंगे। अभियान का उद्देश्य शहर के पुराने हिस्से को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाना है, जिसके लिए निगम प्रशासन ने विशेष तैयारियां शुरू कर दी हैं। इस विशेष अभियान के तहत रात 12 बजे से सुबह 5 बजे तक शहर के अलग-अलग हिस्सों, खासतौर पर परकोटा और हेरिटेज क्षेत्र में व्यापक स्तर पर सफाई और सौंदर्यीकरण कार्य किए जाएंगे। ट्रैफिक और भीड़भाड़ के कारण रातभर चलेगा अभियान नगर निगम कमिश्नर ओम कसेरा ने बुधवार को नगर निगम मुख्यालय में मीडिया को बताया कि शहर की सफाई व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए यह विशेष रात्रिकालीन ड्राइव शुरू की जा रही है। उन्होंने कहा कि दिन के समय ट्रैफिक और भीड़भाड़ के कारण कई बार सफाई कार्य प्रभावित होते हैं, ऐसे में रात के समय अभियान चलाकर बेहतर परिणाम हासिल किए जाएंगे। 2 हजार से ज्यादा सफाईकर्मी होंगे तैनात इस अभियान के दौरान करीब 2000 से ज्यादा सफाई कर्मियों को तैनात किया जाएगा। सभी कर्मचारियों को सफाई कार्य के लिए जरूरी संसाधन उपलब्ध करवाए जाएंगे। इनमें हूपर मशीनें, झाड़ू, डंपर, हाथ गाड़ियां, फावड़े, टॉर्च, गम बूट और विशेष नाइट जैकेट शामिल है। इसके साथ ही निगम प्रशासन ने पूरे अभियान की निगरानी के लिए 36 बीट्स बनाई है, जहां अधिकारियों और सफाई टीमों की जिम्मेदारियां तय की गई है। जयपुर के हेरिटेज-परकोटा क्षेत्र पर रहेगा मुख्य फोकस कमिश्नर कसेरा ने बताया कि नगर निगम का मुख्य फोकस जयपुर के हेरिटेज और परकोटा क्षेत्र पर रहेगा। यहां सड़कों की सफाई, कचरा निष्पादन, दीवारों और सार्वजनिक स्थलों की सफाई के साथ-साथ सौंदर्यीकरण के कार्य भी किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य केवल सफाई तक सीमित नहीं है। बल्कि, शहर की ऐतिहासिक पहचान और सुंदरता को भी और बेहतर बनाना है। निगम का एक महीने में यह तीसरा बड़ा विशेष अभियान बता दें कि नगर निगम जयपुर द्वारा पिछले एक महीने में यह तीसरा बड़ा विशेष अभियान है। निगम लगातार शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने की दिशा में काम कर रहा है। इससे पहले नगर निगम द्वारा स्वच्छता मैराथन और रंग दे जयपुर अभियान भी चलाया गया, जिसमें जयपुर की जनता ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।