विश्व होम्योपैथी दिवस (10 अप्रैल) के मुख्य कार्यक्रम से पहले जयपुर शहर में स्वास्थ्य सेवाओं और जागरूकता गतिविधियों का बुधवार से शुभारंभ किया गया। इसकी शुरुआत जवाहर सर्किल पर आयोजित जागरूकता दौड़ से हुई, जिसमें बड़ी संख्या में होम्योपैथी डॉक्टरों ने भाग लेकर लोगों को स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक किया। 150 से ज्यादा डॉक्टर दौड़े इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ होम्योपैथी फिजिशियंस के तत्वावधान में आयोजित इस दौड़ में करीब 150 से ज्यादा डॉक्टर शामिल हुए। दौड़ को राष्ट्रीय होम्योपैथी आयोग के अध्यक्ष डॉ. तारकेश्वर जैन और राजस्थान बोर्ड ऑफ होम्योपैथी मेडिसिन के रजिस्ट्रार डॉ. ताराप्रकाश यादव ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। अध्यक्ष डॉ. अशोक लादूना और आयोजन सचिव डॉ. मुकेश गुप्ता ने बताया कि इस तरह की गतिविधियों का उद्देश्य आमजन को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना है। 10 अप्रैल तक चलेंगी स्वास्थ्य और जागरूकता गतिविधियां आयोजकों के अनुसार- 10 अप्रैल को होने वाले मुख्य कार्यक्रम तक अलग-अलग दिन विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इनमें मैराथन, रेनल स्टोन विषय पर वेबिनार, योग व ध्यान सत्र, स्कूलों में चाइल्ड साइकोलॉजी पर चर्चा, बुजुर्गों के स्वास्थ्य पर विशेष कार्यक्रम और सीपीआर कार्यशाला शामिल हैं। निराश्रितों का स्वास्थ्य परीक्षण, डॉक्टर देंगे सेवाएं इसके अलावा ओमाश्रय सेवाधाम में निराश्रित लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण भी किया जाएगा। इन सभी गतिविधियों में करीब तीन दर्जन होम्योपैथिक चिकित्सक अपनी सेवाएं देंगे। इस अवसर पर डॉ. शम्भू धनेतवाल, डॉ. कमलेन्द्र त्यागी, डॉ. पुनीत शाह, डॉ. अजय यादव, डॉ. अंजू कोठारी, डॉ. सुनीता गुप्ता और डॉ. सायमा अली सहित अन्य डॉक्टरों ने भी अपने विचार व्यक्त किए।