जयपुर के इक्का क्लब में एक युवक की हत्या मामले में आरोपी ने शराब के नशे में गुस्सा आने पर चाकू से हमला किया था। पुलिस पूछताछ में मुख्य आरोपी अनुज गुर्जर निवासी नीमदा गेट कॉलोनी भरतपुर ने यह कबूल किया। मानसरोवर में मेट्रो स्टेशन के पास स्थित आतिश मार्केट में इक्का क्लब में रविवार आधी रात को बर्थ-डे पार्टी के दौरान यह वारदात हुई थी। मुख्य आरोपी अनुज गुर्जर ने बदमाशों के साथ धौलपुर बखेड़ी निवासी अन्नू गुर्जर (25) की हत्या कर दी थी। वहीं भरतपुर ओपन जेल में बंद कुलदीप गुर्जर उर्फ कुल्लू के जन्मदिन मनाने के लिए अनुज ने फोर्स किया था। इस पर कैदी कुलदीप गुर्जर और राजेश गुर्जर उर्फ सुगड़ सिंह अपने परिचित के साथ स्कॉर्पियो से जयपुर में बर्थ-डे पार्टी मनाने पहुंचे थे। कैदी कुलदीप और राजेश का प्लान था कि जयपुर में बर्थ-डे पार्टी कर सुबह तक वापस जेल लौट जाएंगे। वहीं मर्डर मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी अनुज गुर्जर को सोमवार रात अरेस्ट कर लिया था। पुलिस ने मंगलवार दोपहर अनुज गुर्जर सहित 8 बदमाशों को कोर्ट में पेश किया। जहां से आरोपी अनुज गुर्जर को चार दिन के रिमांड पर भेज दिया गया। वहीं शांतिभंग में गिरफ्तार अन्य 7 बदमाश राजेश गुर्जर उर्फ सुगड़ सिंह, कुलदीप गुर्जर उर्फ कुल्लू, गोविंद शर्मा, हनुमान सिंह, दीक्षांत, चन्द्र सिंह और बबलू को जेसी भेज दिया। हत्या में मददगार आरोपी फरार, अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच डीसीपी (साउथ) राजर्षिराज वर्मा ने बताया- हत्या मामले में मुख्य आरोपी अनुज गुर्जर को अरेस्ट कर कोर्ट में पेश किया गया है। वहीं हत्या के दौरान उसका मददगार साथी आकाश गुर्जर की तलाश में पुलिस टीम दबिश दे रही है। इनके साथ ही फरार बदमाश क्षेत्रपाल, हनी गुर्जर और गजेंद्र गुर्जर की तलाश के साथ उनकी भूमिका की भी जांच की जा रही है। रसोई काउंटर पर रखे चाकू से किया था हमला पुलिस पूछताछ में सामने आया कि भरतपुर ओपन जेल में बंद कुलदीप उर्फ कुल्लू के जन्मदिन को मनाने के लिए अनुज ने फोर्स किया था। सजायाफ्ता कैदी कुलदीप गुर्जर उर्फ कुल्लू और राजेश गुर्जर उर्फ सुगड़ सिंह परिचित के साथ स्कॉर्पियो से रविवार शाम को जयपुर में बर्थ-डे पार्टी मनाने पहुंचे थे। देर रात क्लब बंद होने के बाद अनुज ने परिचित ऑनर को कॉल कर पीछे छत पर जाने का रास्ता खुलवाया था। 7 फ्लोर स्थित क्लब में रविवार रात करीब 2:30 बजे बर्थ-डे में शराब पार्टी की जा रही थी। इस दौरान अन्नू गुर्जर और अनुज के साथ मौजूद लड़की की किसी बात पर कहासुनी हो गई। अन्नू ने लड़की को थप्पड़ मार दिया तो विवाद बढ़ गया। शराब के नशे में अन्नू से झगड़ते हुए अनुज रसोई काउंटर पर रखा चाकू उठा लाया। आकाश से धक्का-मुक्की होने के दौरान अनुज ने चाकू से अन्नू के पेट में वार किया था। जेल में सुबह लौटना था वापस पुलिस जांच में सामने आया कि भरतपुर ओपन जेल में रविवार शाम रोल कॉल (हाजिरी) के दौरान दोनों सजायाफ्ता कैदी कुलदीप गुर्जर और राजेश गुर्जर फरार मिले। जेल प्रशासन की ओर से उन्हें आस-पास तलाश जा रहा था। दोनों का प्लान था कि जेल वापस लौटकर प्रशासन को बहाना बनाकर बच जाएंगे। उन्हें पता था कि जेल प्रशासन की ओर से थाने में कैदियों को भागने को लेकर प्रकरण दर्ज कराने में अगले दिन कुछ समय तक इंतजार किया जाएगा। इसके चलते ही परिचित युवक को जयपुर से लौटने के लिए स्कॉर्पियो लेकर बुलाया था। तड़के करीब 4 बजे पार्टी खत्म कर वापस भरतपुर जेल लौटने की तैयारी में थे। इससे पहले ही वारदात हो गई।
यह खबर भी पढ़ें... जेल से भागकर आए बदमाशों ने की दोस्त की हत्या:लड़की को थप्पड़ मारने पर विवाद, भरतपुर से कैदी बर्थ-डे मनाने जयपुर आए; 8 गिरफ्तार