जयपुर ईस्ट विशेष टीम (DST) और रामनगरिया थाना पुलिस ने अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने 2 इनामी वाहन चोरों समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों ने जयपुर, दिल्ली, गुजरात और उत्तराखंड से 2 दर्जन से अधिक स्कॉर्पियो चोरी करना स्वीकार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर 2 चोरी की स्कॉर्पियो, वारदात में प्रयुक्त एक कार, वाहन चोरी में इस्तेमाल होने वाली मशीनें, फर्जी नंबर प्लेट और अन्य उपकरण बरामद किए हैं। डीसीपी ईस्ट रंजिता शर्मा ने बताया- शहर में लगातार बढ़ रही वाहन चोरी की घटनाओं को देखते हुए विशेष अभियान चलाया गया था। गठित संयुक्त टीम ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर की सूचना के आधार पर गिरोह तक पहुंच बनाई। कार्रवाई के दौरान मुख्य आरोपी राहुल मीणा उर्फ कुंदन उर्फ राजा (26) निवासी महवा, दौसा, हरेती मीणा उर्फ मोनू उर्फ दुर्जा (20), वाहन खरीदने वाले महिपाल चौधरी (35) निवासी सीकर और हिमांशु देहिवाल (20) को गिरफ्तार किया गया। राहुल मीणा पर जयपुर ईस्ट और दौसा पुलिस की ओर से 10-10 हजार रुपये का इनाम घोषित था। वह मध्यप्रदेश के मुरैना और दौसा जिले के मामलों में भी फरार चल रहा था। चोरी किए वाहनों को सीकर ले जाते, फिर नेपाल तक सप्लाई करते पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे संगठित गिरोह बनाकर पहले शहर और अन्य राज्यों में खड़ी स्कॉर्पियो की रेकी करते थे। इसके बाद आधुनिक उपकरणों की मदद से वाहन चोरी कर उन्हें सीकर ले जाते थे, जहां चोरी के वाहनों के इंजन और चेसिस नंबर बदलकर उन्हें ऊंचे दामों पर बेच दिया जाता था। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि गिरोह के कुछ सदस्य चोरी के वाहन नेपाल तक सप्लाई करते थे। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर रामनगरिया और करधनी थाना क्षेत्र से चोरी की गई 2 स्कॉर्पियो बरामद की हैं। इसके अलावा वारदात में प्रयुक्त स्विफ्ट कार (RJ23TA-6386), चार एसीएम मशीनें, चार वीसीएम मशीनें, तीन जोड़ी फर्जी नंबर प्लेट और वाहन चोरी में इस्तेमाल होने वाले कई उपकरण जब्त किए गए हैं। आरोपियों पर पहले भी आपराधिक मुकदमें दर्ज जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी राहुल मीणा के खिलाफ राजस्थान और मध्यप्रदेश के विभिन्न थानों में वाहन चोरी, हत्या, आर्म्स एक्ट समेत कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। वहीं उसके साथी हरेती मीणा पर भी पहले से आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। फिलहाल रामनगरिया थाना पुलिस आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ में वाहन चोरी की कई अन्य वारदातों का खुलासा होगा और चोरी के अन्य वाहन भी बरामद किए जा सकेंगे।