जयपुर के SMS स्टेडियम में राजस्थान रॉयल्स और सनराइजर्स हैदराबाद का मुकाबला कुछ ही देर में होने वाला है। स्टेडियम के बाहर मैच देखने आए दर्शकों की लंबी लाइन लग गई है। दर्शक अपने दोस्तों और परिवार के साथ अपनी होम टीम को चियर-अप करने आए है। राजस्थान रॉयल्स की टी-शर्ट पहनकर भी कई दर्शक पहुंचे हैं। मैच को उत्साह इतना है कि मुकाबला शुरू होने से करीब 36 घंटे पहले ही सभी टिकट बिक गए थे। राजस्थान रॉयल्स के स्टार ओपनर वैभव सूर्यवंशी समेत यशस्वी, रविंद्र जड़ेजा, रवि और तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर पर सभी की नजर टिकी है। टीम होम ग्राउंड पर जीत के साथ शुरुआत करना चाहेगी। वहीं इस मैच से सनराइजर्स हैदराबाद के कप्तान पैट कमिंस वापसी कर रहे है। युवा बल्लेबाज अभिषेक शर्मा को भी लेकर भी काफी क्रेज देखने को मिल रहा है।
इस मैच की 3 बड़ी बात 1- सनराइजर्स के पैट कमिंस की वापसी सनराइजर्स हैदराबाद के कप्तान पैट कमिंस टीम में अपनी वापसी कर रहे हैं।। ऐसे में ईशान किशन की जगह आज वे कप्तानी संभालते नजर आएंगे। चोट के कारण अब तक वे IPL-2026 सीजन से दूर रहे है। वे अब पूरी तरह फिट होकर वापसी कर रहे हैं। 2- दोनों टीमों का पिछला रिकॉर्ड अगर दोनों टीमों के पिछले रिकॉर्ड पर नजर डालें तो राजस्थान और हैदराबाद के बीच अब तक IPL में 22 मुकाबले खेले जा चुके हैं। इनमें से 13 मैचों में सनराइजर्स हैदराबाद ने जीत दर्ज की है। राजस्थान रॉयल्स को 9 मुकाबलों में सफलता मिली है। आंकड़ों के लिहाज से हैदराबाद का पलड़ा भारी नजर आता है, लेकिन घरेलू मैदान पर राजस्थान इस रिकॉर्ड को बदलने के इरादे से उतरेगी। 3- जयपुर में पहली बार आमने-सामने होगी दोनों टीम जयपुर का SMS स्टेडियम आज सिर्फ एक क्रिकेट मैदान नहीं, बल्कि IPL-2026 के सबसे चर्चित मुकाबलों में से एक का गवाह बनने जा रहा है। जयपुर में पहली बार राजस्थान और हैदराबाद आमने-सामने होगी। उम्मीद की जा रही है कि यह मुकाबला रोमांच, बड़े स्कोर और स्टार खिलाड़ियों के प्रदर्शन से भरपूर होगा। SMS स्टेडियम के चारों ओर नो-पार्किंग जोन गांधी नगर मोड से नारायण सिंह तिराहा तक टोंक रोड, रामबाग सर्किल से 22 गोदाम सर्किल तक भवानी सिंह रोड, स्टैच्यू सर्किल से विधानसभा तिराहे तक जनपथ, विधानसभा तिराहे से फुट मंडी कट तक पंकज सिंघवी मार्ग पर सभी प्रकार के वाहनों की पार्किंग बंद रहेगी। SMS स्टेडियम के चारों ओर पूरा क्षेत्र नो-पार्किंग जोन घोषित किया गया है। बल्लेबाजों से हाई स्कोर की उम्मीद पिछले सीजन में SMS स्टेडियम में पहली पारी का औसत स्कोर 198 रन रहा था, जिससे साफ है कि यहां बल्लेबाजों को अच्छा सपोर्ट मिलता है। इस बार भी हाई-स्कोरिंग मुकाबले की पूरी उम्मीद जताई जा रही है। जयपुर की पिच पर अच्छा बाउंस मिलता है, जिससे बल्लेबाज खुलकर शॉट खेल सकते हैं। हालांकि स्क्वेयर बाउंड्री बड़ी होने के कारण स्पिनर्स भी मैच में अहम भूमिका निभा सकते हैं। ऐसे में बल्लेबाजों और गेंदबाजों के बीच संतुलित मुकाबला देखने को मिल सकता है। इन सामान को स्टेडियम के अंदर ले जाने पर प्रतिबंध स्टेडियम में मैच के दौरान पर्स, चैन, पॉकेट स्नैचिंग और अन्य अवैध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए जयपुर कमिश्नरेट की विशेष टीमें तैनात की गई हैं। अंतिम गेट तक पहुंचने से पहले होल्डिंग एरिया में कड़ी सुरक्षा जांच हो रही है। पानी की बोतल, छाता, पावर बैंक, सिक्के, हेलमेट, लाइटर, लेजर पॉइंटर, प्रोफेशनल कैमरा, बड़े बैग, बाहर का खाना-पीना, हथियार और तेजधार वस्तुएं पूरी तरह प्रतिबंधित है।