जयपुर के जामडोली में बुधवार रात बाइक सवार बदमाशों ने ज्वेलर भाइयों पर फायरिंग कर दी। इसके बाद बदमाशों ने उन पर लाठी-सरियों से भी हमला किया। भाइयों की मदद के लिए बदमाशों की ओर पत्थर लेकर भागी महिला के भी पैर में आरोपियों ने गोली मार दी। हंगामा बढ़ता देख आरोपी मौके से फरार हो गए। लूट की कोशिश और हमले का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। ज्वेलर भाइयों के परिवार का दावा है कि बदमाश ज्वेलरी के 2 छोटे बॉक्स भी लूट ले गए। तीनों घायलों को इलाज के लिए पुलिस ने एसएमएस हॉस्पिटल में एडमिट करवाया है। सबसे पहले देखिए- हमले के PHOTOS 3 पॉइंट में समझिए पूरा घटनाक्रम 1. शोरूम से निकलते ही हमला: जामडोली थाना पुलिस के अनुसार राधा गोविंद विहार के रहने वाले सोनू स्वर्णकार (सोनी) (35) और निशु सोनी (38) का उसी इलाके में एस आर ज्वेलर्स के नाम से शोरूम है। बुधवार रात करीब 8 बजे दोनों भाई शोरूम से स्कूटी पर घर जा रहे थे, इसी दौरान बाइक सवार बदमाशों ने उन पर हमला कर दिया। ज्वेलर भाइयों पर हमला घर से करीब 700 मीटर दूर हुआ। 2. पहले फायरिंग, फिर ज्वेलरी भरे बॉक्स लूटे: बदमाशों ने भाइयों पर फायरिंग की तो वे स्कूटी से गिर गए। आरोपियों ने उनसे ज्वेलरी भरा बैग लूटने की कोशिश की, लेकिन भाई उनसे भिड़ गए। विरोध बढ़ा तो आरोपियों ने जमीन पर गिरे भाइयों पर लाठी-सरियों से हमला कर दिया। फिर ज्वेलरी के 2 छोटे बॉक्स और एक गोल्ड चेन छीन ली। 3. आरोपियों के पीछे दौड़ी, पैर में गोली मारी: हमले के दौरान दोनों भाई बचाने के लिए शोर मचाने लगे। इस दौरान सामने वाले घर में रहने वाली महिला सीमा गुप्ता (32) बदमाशों के पीछे पत्थर लेकर दौड़ी। इस दौरान बदमाशों ने उसके पैर में गोली मार दी। फिर हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए। तीनों घायलों को एसएमएस हॉस्पिटल में एडमिट कराया गया है। दावा- 6 से ज्यादा बदमाशों ने किया था हमला घायल सीमा गुप्ता की देवरानी ने बताया कि बाहर से बहुत तेज आवाज आ रही थी। हमें लगा या तो लड़ाई हो गई या एक्सीडेंट हो गया। बाहर जाकर देखा तो 6 से ज्यादा बदमाश जमीन पर गिरे दो लोगों को मार रहे थे। इस दौरान में जेठानी सीमा गुप्ता चोर चोर चिलाते हुए बदमाशों के पीछे पत्थर लेकर दौड़ी। तभी वे भागने लगे, लेकिन भागते-भागते सीम को गोली मार दी। सीमा गुप्ता के पति आगरा में प्राइवेट जॉब करते हैं। उनकी दो बेटियां हैं। अंधेरे में खड़े थे बदमाश, अचानक हमला किया घायल ज्वेलर निशु सोनी ने बताया कि शोरूम से करीब 250 मीटर दूर हमला हुआ। जहां हमला हुआ, वहां थोड़ा अंधेरा रहता है। उस एरिया में पहुंचते ही एक दम से तीन चार लड़के सरिया लेकर आए और आते ही मेरे बड़े भाई पर टूट पड़े। इस दौरान मैंने भाई को बचाने की कोशिश की तो उन लोगों ने मेरे पर भी सरियों से हमला कर दिया। हम दोनों भाई जोर जोर से बचाओ बचाओ चिल्लाए। बदमाशों ने इस दौरान हम पर फायरिंग कर दी। दूसरी गोली बदमाशों ने मुझ पर ही फायर की थी। हमें बचाने आई महिला पर उन्होंने गोली चला दी। करीब से 3 मिनट तक बदमाश हम पर ताबतोड़ हमला करते रहे। बैग में सिल्वर और गोल्ड की ज्वेलरी थी उन्होंने बताया कि हमारे बैग में सिल्वर और गोल्ड की ज्वेलरी थी। ज्वेलरी हम दुकान में नहीं छोड़ते थे। दुकान बंद करने के बाद डेली ज्वेलरी घर ले जाते हैं। आशंका है कि बदमाशों ने पहले से रेकी कर रखी थी। उन्होंने बताया कि वो सात लोग थे। बदमाशों ने अपना चेहरा भी कवर नहीं कर रखा था। हम पर पांच लोगों ने हमला किया था। 200 मीटर दूर थी पुलिस वैन, लेकिन फिर भी नहीं पहुंची घायलों के बड़े भाई सुरेंद्र सोनी ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए है। उनका दावा है कि वारदात स्थल से 200 मीटर पर ही पुलिस वैन थी, लेकिन पुलिस करीब 5 मिनट बाद पहुंची। उन्होंने ने आरोप लगाए कि पुलिस कह रही है कि गोली नहीं चली। जबकि दो फायर मेरे भाइयों पर बदमाशों ने किए है। जबकि एक गोली मदद करने आई महिला को मारी है। उन्होंने ये भी कहा कि बैग में 15 से 17 ज्वेलरी के डिब्बे थे। उनमें से बदमाश 2 से तीन डिब्बे ले गए और निशु की सोने की चेन भी तोड़ ले गए। एडिशनल डीसीपी ईस्ट पारस जैन ने बताया- फायरिंग की सूचना मिलते ही जामडोली थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। इलाके में नाकाबंदी भी करवा दी थी। बदमाशों की तलाश की जा रही है। स्वर्णकार समाज ने थाने का घेराव किया भाइयों से लूट और फायरिंग मामले में परिजनों और स्वर्णकार समाज ने जामडोली थाने का घेराव किया है। वहीं कार्रवाई की मांग को लेकर एडिशनल डीसीपी ईस्ट पारस जैन को ज्ञापन दिया है। परिजनों ने इस बात पर नाराजगी जाहिर की कि पुलिस फायरिंग होने से मना कर रही है। उन्होंने कहा कि दो भाई और एक महिला पर फायरिंग हुई है। महिला के पैर में गोली लगने की जानकारी भी दी है। …. ये खबर भी पढ़िए… जयपुर-करोड़ों की घड़ियां चुराने के लिए गूगल से ढूंढा शोरूम:नेपाल से मिली थी राडो ब्रांड की डिमांड, दीवार में चुनवा देते हैं माल जयपुर में विदेशी ब्रांड राडो के शोरूम से 4 करोड़ रुपए की घड़ियां चुराने वाले 2 आरोपियों को पुलिस ने 26 दिन बाद गिरफ्तार कर लिया। हालांकि, चोरी हुई 251 घड़ियों का अभी तक कोई सुराग नहीं मिला है। पूरी खबर पढ़िए…