जयपुर में ज्वेलरी शॉप से बदमाशों ने सोना का झुमका चुरा लिया। दुकान में कस्टमर बनकर घुसे बदमाश सोने के झुमके खरीदने के बहाने घुसे थे। बाद में ज्वेलर की नजर बचाकर सोने का झुमका हाथ में छिपाकर चोरी कर ले गए। मानसरोवर के इस्कॉन रोड में अमृत नगर स्थित जैन ज्वेलर्स में शनिवार दोपहर करीब 12:20 बजे यह वारदात हुई। पत्रकार कॉलोनी थाने के ASI विक्रम सिंह ने बताया- मुहाना के रहने वाले अशोक चौपड़ा (63) ने चोरी की रिपोर्ट दर्ज करवाई है। यह वारदात शॉप की CCTV में रिकॉर्ड हो गई है। पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर चोरों की तलाश कर रही है। हाथ में झुमका छुपाकर ले गया बदमाश पीड़ित अशोक चौपड़ा ने पुलिस को बताया- स्कूटी सवार दो व्यक्ति खरीदारी के बहाने शॉप पर आए। बुजुर्ग दिखने वाले व्यक्ति ने कानों के सोने के झुमके दिखाने को कहा। उसका दूसरा साथी हेलमेट लगाकर गेट पर ही खड़ा रहा। ज्वेलर की ओर से तीन-चार ज्वेलरी के आइटम निकालकर दिखाए गए। झुमके दिखाने के दौरान नजर बचाकर सोने का एक झुमका हाथ में छिपा लिया। कुछ देर इधर-उधर की बात करने के बाद पसंद नहीं आने की कहकर चले गए। उनके जाने के बाद ज्वेलरी ऑइटम संभालने पर 15.20 मिली ग्राम का एक झुमका गायब मिला। शॉप में लगे CCTV फुटेज खंगालने पर कस्टमर बनकर आए चोरों की करतूत कैद मिली। चोरी की सूचना पर पत्रकार कॉलोनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस टीम CCTV फुटेज के आधार पर चोरों की तलाश कर रही है।